शहर उत्तरी के भाजपा विधायक रवींद्र जायसवाल
- फोटो : अमर उजाला
वरुणा कॉरिडोर के अवैध निर्माण को लेकर उत्तरी विधायक रवींद्र जायसवाल ने गुरुवार को लखनऊ में सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह और जिले के प्रभारी नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात की। उन्होंने वीडीए की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
कहा कि वीडीए छोटों पर सितम और बड़ों पर रहम कर रहा है। कहा, दो दिन पूर्व रमाडा होटल के अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई महज दिखावे के लिए थी। कई बड़े लोगों के अवैध निर्माण हैं। उन्हें तोड़ने के बजाय गरीबों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
विधायक ने बताया कि कॉरिडोर में हुए घपले घोटाले की जांच के लिए शासन ने एक कमेटी गठित की है, जो एक सप्ताह में वाराणसी आएगी। विधायक का आरोप है कि कॉरिडोर की विस्तृत जानकारी नहीं दी जा रही है। अतिक्रमण के नाम पर केवल गरीबों को सताया जा रहा है।
इस पर सिंचाई मंत्री ने आश्वस्त किया कि जल्द ही कमेटी वाराणसी पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट शासन को देगी। सिंचाई मंत्री से मिलने के बाद विधायक ने जिले के प्रभारी नगर विकास मंत्री से विधायक ने मुलाकात की।
उनसे कहा कि अतिक्रमण, अवैध निर्माण के नाम पर निर्दोषों का उत्पीड़न किया जा रहा है जबकि बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस पर मंत्री ने कमिश्नर को फोन कर निर्देश दिया कि निर्दोषों का उत्पीड़न किसी भी हाल में नहीं होना चाहिए।