भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने 16 जिलों के जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा की है। इस सूची में छह जिला अध्यक्ष ऐसे हैं, जिन्हें दोबारा जिला अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा गया है। इसमें मिर्जापुर जिले से बृजभूषण सिंह भी एक हैं। एक बार फिर से पार्टी ने उनपर भरोसा जताया है। दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी कार्यालय पर बधाई का तांता लगा है।
मनोज सिन्हा के करीबी को गाजीपुर की कमान
जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के करीबियों में गिने जाने वाले और उनके प्रतिनिधि रह चुके सुनील सिंह को गाजीपुर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वह वर्ष 1984 से भाजपा से जुड़े हुए हैं। जिला प्रचारक, जिला महामंत्री, प्रदेश कार्य समिति सदस्य भी रह चुके हैँ। साथ ही वर्ष 2014 से 19 तक सांसद मनोज सिन्हा के प्रतिनिधि भी रहे। वहीं, मौजूदा भाजपा के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह रिकॉर्ड तीन बार से इस पद रहे।
आजमगढ़ से कृष्णपाल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि लालगंज से सूरज प्रकाश श्रीवास्तव को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार को जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष ने सूची जारी की कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। दोनों जिलाध्यक्षों को बधाई देने का तांता लगा रहा। बताते चलें कि कई दिनों से जिले में भारतीय जनता पार्टी में बदलाव की सुगबुगाहट चल रही थी। आखिरकार शुक्रवार को सभी कयासों पर लगाम लग गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सदस्य विधान परिषद भूपेंद्र सिंह चौधरी ने प्रदेश के जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी।
जिसमें आजमगढ़ से पूर्व में गोपालपुर विधानसभा से तीन बार चुनाव लड़ चुके और वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णपाल को आजमगढ़ का जिलाध्यक्ष बनाया है। वहीं लालगंज से जिला महामंत्री का पद संभाल रहे सूरज प्रकाश श्रीवास्तव को लालगंज का जिलाध्यक्ष बनाया है। सूची जारी होते ही दोनों जिलाध्यक्षों को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
भाजपा ने बलिया जिले में जयप्रकाश साहू के स्थान पर पूर्व विधायक संजय यादव को जिलाध्यक्ष बनाकर यादव वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की है। संजय मूल रूप से देवरिया जनपद के कासली के रहने वाले हैं, लेकिन उनकी कर्मभूमि सिकंदरपुर विधानसभा रही है। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2017 में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता कहे जाने वाले जियाउद्दीन रिजवी को 23,548 वोटों से हराया था। संजय पिछले 20 वर्ष से बलिया की राजनीति में सक्रिय हैं। जनपद की सभी विधानसभाओं में यादव मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है। ऐसे में भाजपा ने यादव जिलाध्यक्ष बना इस बोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की है।
वाराणसी से सटे चंदौली में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रहे काशीनाथ सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले अभिमन्यु सिंह जिलाध्यक्ष थे। काशीनाथ चकिया क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के निवासी हैं। संपन्न किसान और राजनीति में लंबे समय से कार्यकर्ता बनकर कार्य करते रहे। वर्तमान में जिले के उपाध्यक्ष के पद पर संगठन का कार्य देखते थे। उनकी पत्नी रघुनाथपुर ग्राम पंचायत की प्रधान रह चुकी हैं।
भदोही में युवा नेता दीपक मिश्रा नए जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। इसके पहले विनय श्रीवास्तव बीते पांच सालों से जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। ज्ञानपुर के उमरिया निवासी दीपक मिश्रा भाजपा के जिला महामंत्री रह चुके हैं। इनकी जिले में युवा और सक्रिय नेताओं में पहचान है। इनका परिवार शुरू से ही भाजपा से जुड़ा हुआ है। संघ के बड़े नेताओं के बीच इनके परिवार की अच्छी पैठ रही है। बीते विधानसभा व निकाय चुनावों में पार्टी के लिए किए गए कार्यों का इन्हें इनाम मिला है।
मऊ में जिला महामंत्री नूपुर अग्रवाल को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। जिला अध्यक्ष बनने के बाद नूपुर अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रकार से संगठन ने उन पर विश्वास जताया है, वह उस विश्वास को पूरी लगन के साथ पूरा करने का कार्य करेंगी। कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज पूरे देश में आज अपना परचम लहरा रही है।
सोनभद्र में जिलाध्यक्ष पद की कमान नंदलाल गुप्ता को सौंपी गई है। म्योरपुर ब्लॉक के कुदरी गांव के रहने वाले नंदलाल संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ता रहे हैं। छात्र जीवन में संघ और विद्यार्थी परिषद से जुड़कर अपने राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत करने वाले नंदलाल गुप्ता की तैनाती को जातिगत समीकरणों के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है। चार विधानसभा सीटों वाले सोनभद्र में भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अजीत चौबे का कार्यकाल कुछ माह पहले ही खत्म हो चुका था। इसके बाद से ही संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट जारी थी। यह माना जा रहा था कि इस बार अध्यक्ष की कुर्सी ओबीसी वर्ग को ही मिलेगी।