सीएम योगी, भाजपा अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : amar ujala
विधानसभा चुनाव के बाद एक बार फिर वाराणसी में राजनीति की हवा तेज हो गई है। निकाय चुनाव को लेकर सभी दल गुणा-गणित दुरुस्त करने में लगे हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा को यहां शानदार जीत मिली थी लेकिन निकाय चुनाव में अभी स्थिति थोड़ी दूसरी है। वाराणसी में होनेवाला हर चुनाव हमेशा से भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल रहा है।
निकाय चुनाव में सरकार और संगठन की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने अपने तंत्र को नए सिरे से दुरुस्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल्याणकारी कार्यक्रम तो संगठन के पास हैं ही, योगी सरकार की ओर से छह महीने में किए गए काम भी अब उसके हिस्से में आ गए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने राज्य सरकार द्वारा अब तक कराए गए कार्यों और आगे की योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया को सक्रिय कर दिया है।
सोशल मीडिया के मेसेज में संगठन को तवज्जो देते हुए बताया जा रहा है कि योगी सरकार की ओर से किए जा रहे कार्य पार्टी के घोषणा पत्र और संकल्प पत्र का हिस्सा हैं। किसानों की कर्ज माफी, एंटी रोमियो स्क्वाड, बूचड़खाने और बिजली आपूर्ति के बारे में लोगों को वे तथ्य बताए जा रहे हैं, जिन पर लोग चर्चा करें। इन संदेशों में डॉ. पांडेय की बड़े फोटो के साथ यह बताने की भी कोशिश की जा रही है कि संगठन प्रमुख है। जनहित में घोषित और क्रियान्वित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं पर अमल और संगठन की बदौलत ही हो रहा है।
सूत्रों की मानें तो आईटी सेल सोशल मीडिया के प्लेटफार्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और एसएमएस के जरिए प्रतिदिन हजारों लोगों को जोड़ रहा है। पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों द्वारा अलग-अलग ग्रुप भी बनाए जा रहे हैं, ताकि सरकार की उपलब्धियां बताने के साथ-साथ लोगों को इसी पर चर्चा करने का माहौल बना दिया जाए।
बनारस और चंदौली के अलावा लखनऊ आईटी सेल से प्रतिदिन भेज कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया जा रहा है कि निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के लिए वे ये प्रचारात्मक संदेश रोजाना कम से कम पांच लोगों को भेजें।