अपने घर-परिवार से दूर रहने वाले लोग इस समय अपनों के साथ दिवाली का त्योहार मनाने के लिए लौट रहे हैं। इसका फायदा उठाते हुए विमानन कंपनियों ने किराये में जबरदस्त वृद्धि कर दी है। प्रतिदिन 6 से 7 हजार यात्रियों की आवाजाही वाले बाबतपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या 08 से 09 हजार तक पहुंच गई है।
मुंबई से वाराणसी आने वाले विमानों की बात करें तो रविवार के आंकड़ों के अनुसार 14 अक्तूबर को यहां आने वाली फ्लाइट्स में इकॉनमी क्लास का अधिकतम किराया 60 हजार व न्यूनतम 28 हजार रुपये तक पहुंच गया। सामान्य दिनों में मुंबई से वाराणसी का किराया साढ़े तीन से पांच हजार के आसपास रहता है।
दूसरी ओर दिल्ली से वाराणसी आने वालों के लिए 16 अक्तूबर का किराया सबसे अधिक है। इसमें सीधी उड़ान का अधिकतम साढ़े 15 हजार और न्यूनतम किराया 6 हजार रुपये है। सामान्य दिनों में दिल्ली से वाराणसी का किराया दो से तीन हजार रुपये रहता है।