वाराणसी में एक बार फिर बीजेपी के सहयोगी दल सुभासपा के विधायक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। वाराणसी के अजगरा विधायक कैलाश सोनकर पर लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए पीड़ितों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर सिर मुंडवाए।
विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। आरोप लगाया कि विधायक ने प्रधानमंत्री सृजन कार्यक्रम, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला उद्योग केंद्र और समूहों के लोन के जरिए करोड़ों रुपये हड़पे हैं। इन रुपयों से कई जगहों पर संपत्ति बनाई है।
इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। खादी ग्राम उद्योग विभाग से बुनकरों को 25 लाख का लोन पास कराने के नाम पर हुए फर्जीवाड़े का जिन्न शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर वाराणसी के अजगरा विधानसभा के पीड़ित 25 बुनकरों ने जिला मुख्यालय पर धरना दिया और कुछ पीड़ितों ने बाल मुंडवाकर प्रदर्शन किया।