घटनास्थल के आसपास दुकानदारों ने बताया कि डंपर बहुत तेज रफ्तार में था। ऐसा लग रहा था कि कोई नौसिखिया चालक चला रहा हो। बाइक सवार आगे चल रहा था और पीछे से डंपर ने धक्का मारते हुए उसके सिर और कंधे पर अगला चक्का चढ़ाते हुए निकला।
घटनास्थल पर ही बाइक सवार का शव क्षत विक्षत हो गया। इसके पहले डंपर ने साजन तिराहे पर एक सिपाही को भी कुचलने का प्रयास किया था। बीच सड़क पर वाहन खड़ा करके आरोपी चालक चाभी लेकर भाग निकला। सिगरा थाने की पुलिस नगर निगम अधिकारियों से सम्पर्क करके चालक की खोजबीन में लगी है।
बिहार मोहनिया भभुआ निवासी गुड्डू पांडेय (28) सिगरा स्थित मॉल में एक शो रूम में कार्यरत था और शिवपुरवा इलाके में नंद लाल केशरी के मकान में किराए पर रहता था। दोपहर के समय शो रूम से निकल कर बाइक से कमरे पर खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ़्तार में आए डंपर ने कुचल दिया। बाइक सवार गुड्डू हेलमेट भी लगा रखा था।
सिगरा पुलिस की सामने आई लापरवाही
स्टेडियम के ठीक सामने हादसा हुआ और चंद कदम की दूरी पर सिगरा थाने की पुलिस को पहुंचने में 30 मिनट से भी अधिक समय लग गए। बीच सड़क पर क्षत विक्षत शव पड़ा रहा औऱ लोगों की आवाजाही होती रही। स्थानीय दुकानदार जब आक्रोशित हुए और जाम लगा तब सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची।