ट्रैफिक पुलिस इन दिनों अपने अजीबोगरीब कारनामों के लिए लगातार चर्चा में है। ताजातरीन मामला मंडुवाडीह क्षेत्र निवासी योगेश तिवारी से जुड़ा हुआ है। योगेश तिवारी की बाइक बीते आठ साल से सोनभद्र में हैं और उन्हें स्कार्पियो की फोटो के साथ चालान की प्रति भेजी गई है। योगेश का कहना है कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि वह क्या करें।
योगेश ने बताया कि उन्हें एक स्कार्पियो की फोटो के साथ चालान की रसीद प्राप्त हुई है। चालान में उनकी बाइक का नंबर, उनका नाम और पता दर्ज है। स्कार्पियो की फोटो के साथ ट्रैफिक पुलिस की ओर से लिखा गया है कि सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तरीके से आपका वाहन खड़ा था। योगेश ने कहा कि जो बाइक आठ साल से सोनभद्र में खड़ी है उसका चालान स्कार्पियो की फोटो के साथ करके ट्रैफिक पुलिस क्या करना चाह रही है, यह समझ से परे है।
एसपी ट्रैफिक से मिलें शिकायत लेकर
एसपी ट्रैफिक श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि यदि किसी वाहन का गलत चालान हो जाए तो उससे संबंधित व्यक्ति सीधे उनसे मिलें। त्रुटि को सुधारा जाएगा और जिससे गलती हुई होगी उसे चेताया जाएगा। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि चालान काटने का कोई कोटा नहीं निर्धारित किया गया है।
जो यातायात नियमों का उल्लंघन करते मिलते हैं सिर्फ उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई होती है। बताया कि सड़क के किनारे जो सफेद लाइन खींची गई है आमजन उसी के भीतर ही अपने वाहन खड़े करें।