बिहार की रोहतास पुलिस ने अहरौरा पुलिस के साथ मारा छापा
- फोटो : FILE PHOTO
बिहार के रोहतास में दलितों को बंधक बनाकर मारने-पीटने और फसल जलाकर नष्ट करने के तीन आरोपियों को बिहार पुलिस ने मंगलवार की सुबह मिर्जापुर जिला निवासी अधिवक्ता के घर से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को रोहतास जिले की पुलिस साथ ले गई। छापेमारी के दौरान अधिवक्ता घर से फरार हो गया।
पटिहटा गांव में मंगलवार की सुबह पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अधिवक्ता का घर घेर लिया और अंदर घुसकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रोहतास पुलिस ने बताया कि मई 2017 में चेनारी थाने के मलहर गांव निवासी राजवंश पांडेय के पुत्र चंदन पांडेय, लव पांडेय और कुश पांडेय ने गांव के दलितों की बंधक बना कर पिटाई कर उनकी फसल जला दी थी।
मामले में तीनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार की सुबह पटिहटा गांव से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी बदमाश हैं और कई अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं।