फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की बड़ी खबरें : चाइनीज मांझा के साथ युवक धराया, 34 वर्ष पुराने पथराव के छह आरोपी बरी

Sat, 04 Jan 2025 11:40 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी में दिनोंदिन चाइनीज मांझा बरामद हो रहा है। शनिवार को जैतपुरा पुलिस ने एक युवक को साढ़े 13 किलो चाइनीज मांझा के साथ पकड़ा है। वहीं,  अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (उतर रेलवे) की कोर्ट ने 34 साल पहले सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए ट्रेन पर पथराव करने के मामले छह आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जैतपुरा पुलिस ने ढेलवरिया इलाके से 13.50 किलो चाइनीज मंझा के साध दीलिप उर्फ दीपक निवासी ढेलवरिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह चाइनीज मंझे का भण्डारण कर उसे पतंग की दुकानों पर बेचने का काम करता है। पुलिस पता लगा रही है कि दीपक के पास चाइनीज मंझा कहां से आया है।

विज्ञापन


25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
कपसेठी थाने की पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। बदमाश की पहचान बिहार के कैमूर जिले के भभुआ थाने के डुमरइत गांव के शिवपरसन मुसहर के रूप में हुई है। पूछताछ में शिवपरसन ने बताया कि फरवरी 2024 में बनौली गांव के बाहर बने एक घर में नकदी, मोबाइल और गहने चोरी किया था। अप्रैल 2024 में महाराजपुर में एक घर में घुसकर चोरी की थी। पुलिस के अनुसार शिवपरसन के खिलाफ चोरी के पांच मामले कपसेठी थाने में दो मामले जंसा थाने में और एक मामला मिर्जामुराद थाने में दर्ज है। 

गैंगस्टर एक्ट के दो आरोपी जेल भेजे गए
मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि सूजाबाद पड़ाव के मूल निवासी व वीडीए कॉलोनी, एकता नगर, बड़ा लालपुर चांदमारी में रहने वाले अकबर अली और मड़ाव के मूल निवासी व नकाईन में रहने वाले संतोष कन्नौजिया को जेल भेजा गया है। 

विज्ञापन

बाउंड्री वॉल तोड़ने के मामले में दो माह बाद मुकदमा
पिंडरा के फत्तेपुर गांव में बाउंड्री वाॅल तोड़ने के दो माह पुराने मामले में एसीपी पिंडरा के निर्देश पर दंपती सहित छह लोगों के खिलाफ फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित जोगेंद्र कुमार के अनुसार वर्ष 1976 में उसके पिता श्रीपत को आवास आवंटित हुआ था। गत पांच अक्तूबर को एक दंपती और उनकी चार बेटियों ने उसकी बाउंड्री वॉल तोड़ दी। एसडीएम पिंडरा से शिकायत करने पर राजस्व विभाग ने 25 अक्तूबर को सीमांकन करा कर बाउंड्री वॉल को जुड़वा दिया था। उसके दूसरे दिन बाउंड्री वॉल फिर तोड़ दी गई। 

वाॅशरूम इस्तेमाल को लेकर युवती की पिटाई
अस्सी स्थित एक रेस्टोरेंट में वाॅशरूम का उपयोग और 20 रुपये की मांग को लेकर युवती और उसके भाई-बहन की पिटाई कर दी गई। युवती का आरोप है कि काउंटर पर बैठे मैनेजर ने बाल पकड़कर खींचा और भाई की पिटाई की। युवती ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। सारनाथ थाने क्षेत्र के पहड़िया श्रीनगर कालोनी फेज-3 की रहने वाली श्वेता यादव ने बताया कि वह अपने भाई-बहन के साथ अस्सी गई थी। वाशरूम का उपयोग के लिए एक रेस्टोरेंट में गई थी। 

दुकान बंद करने को लेकर मारपीट
आशापुर के पास रसुलगड पंचकोशी में दुकान बंद करने को लेकर विवाद हो गया। शिवचरन ने बताया कि सुबह वह दुकान खोल रहा था। इस दौरान पांच अज्ञात लोगों ने दुकान बंद करने की धमकी देते हुए उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने 5 अज्ञात के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस बूथ के पास खड़ी स्कॉर्पियो के पहिये चोरी 
डाफी पुलिस बूथ से चंद कदम की दूरी पर खड़ी स्कॉर्पियो के पीछे के दोनों पहिये चोर चुरा ले गए। इसकी जानकारी शुक्रवार की सुबह वाहन स्वामी जयप्रकाश पांडेय को हुई। 

सोशल मीडिया पर मोबाइल नंबर शेयर करने का आरोप
दो बहनों का मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर शेयर करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रार्थना पत्र में कहा है कि किसी ने उनका मोबाइल नंबर फेसबुक पर डाल दिया है। इससे उनके मोबाइल पर अज्ञात लोगों का फोन आ रहा है। 

लॉन में आभूषण से भरा बैग चोरी मामले में केस दर्ज
पिछले माह सिगरा स्थित एक लॉन से महिला का आभूषण चोरी मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश पर सिगरा थाने में केस दर्ज किया गया। सारनाथ के मवइया निवासी विशाल यादव ने बताया कि 9 दिसंबर को माता मेवाती देवी सिगरा स्टेडियम के पीछे लॉन में शादी समारोह में गई थी। इस बीच उनके बैग से आभूषण और 4 हजार रुपये चोरी हो गए।  

सफल होने के बाद ही लौटूंगी लिख कर युवती लापता
गाजीपुर के सैदपुर की 24 वर्षीय युवती अपने मामा के परिवार के साथ पहड़िया में रहती है। वह शुक्रवार को घर पर एक कागज पर लिखकर कहीं चली गई। उसने नोट में लिखा है कि मैं अपने करियर और भविष्य के लिए चिंतित हूं। इसलिए मैं घर छोड़कर जा रही हूं। अब सफल होकर ही लौटूंगी। लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश कर रही है। 

ठंड में साधारण बसों से ज्यादा यात्रियों को भा रही हैं एसी बसें
ठंड में यात्रियों को रोडवेज की साधारण बसों के अपेक्षा एसी बसें ज्यादा पसंद आ रही हैं। छोटी और लंबी दूरी की एसी बसें तुरंत भर जा रही हैं। वहीं, साधारण बसों को जल्दी सवारी नहीं मिल रही हैं। कैंट रोडवेज बस स्टेशन से गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज, शक्तिनगर और अन्य रूटों पर एसी बसें यात्रियों की पहली पसंद बनी हुई हैं। इन बसों में यात्रियों को बाहरी हवा बिल्कुल भी परेशान नहीं कर रही है। साधारण बसों में खिड़कियों और फर्श के अंदर से सर्द हवाएं परेशान करती हैं।

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार जनरथ, राजधानी, शताब्दी एसी बसों में ऑनलाइन टिकट की बुकिंग है। 70 से 80 फीसदी टिकट ऑनलाइन बुक हो रहे हैं। अन्य 30 से 20 फीसदी टिकट ऑफलाइन भी हैं। हालांकि बस के अंदर बहुत कम ही टिकट बन पा रहे हैं। आए दिन बसें फुल होकर निकल रही हैं, जैसे ही स्टेशन के प्लेटफाॅर्म पर बसें खड़ी हो रही हैं, तुरंत भर जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार पहले एसी बसों को फुल होने में 15 से 20 मिनट का समय लगता था, लेकिन अब पांच मिनट के अंदर ही बसें पूरी तरीके से फुल हो जा रही हैं। 

सुबह और शाम वाली एसी बसों में तो सीटें भी नहीं मिल पा रही हैं। लखनऊ, गोरखपुर, शक्तिनगर रूट पर एसी बसों की ज्यादा मांग है। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि एसी बसों में 20 फीसदी किराया भी कम हुआ है। इसके तहत यात्रियों का रुझान इन बसों की ओर ज्यादा है।

मिर्जापुर के जिला पंचायत अध्यक्ष की रिवीजन याचिका स्वीकृत
अदालत ने मिर्जापुर के जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया की रिवीजन याचिका स्वीकृत कर ली है। फस्ट ट्रैक कोर्ट (द्वितीय) सुनील कुमार ने आदेश दिया कि अवर न्यायालय दोनों पक्षों को सुन कर विधिसम्मत आदेश पारित करे। चोलापुर थाना क्षेत्र के कटारी गांव के मूल निवासी और मिर्जापुर के मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था।

प्रार्थना पत्र को अवर न्यायालय ने निरस्त कर दिया था। प्रकरण के अनुसार निगरानीकर्ता राजू कन्नौजिया को 30 अक्तूबर 2018 को चोलापुर थानाध्यक्ष ने एक मामले में गिरफ्तार किया था। थाने में ले जाकर राजू को पीटा गया था। 

ज्ञानवापी से संबंधित मामलों की सुनवाई आज
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत में शनिवार को मां शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई होगी। इन मामलों में पिछली तिथि पर चार वादिनी महिलाओं की ओर से कहा गया था कि ज्ञानवापी से सबंधित मुकदमों की हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। 

34 वर्ष पुराने पथराव के छह आरोपी दोषमुक्त
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (उतर रेलवे) अभिनव जैन की कोर्ट ने 34 साल पहले सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए ट्रेन पर पथराव करने के मामले छह आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। कोर्ट ने अभियुक्त हरिशंकर, गुलाबचंद्र, राजेश कुमार हलवाई, आनंद कुमार मिश्र, अशोक कुमार सिंह और हबीबुल्लाह को दोषमुक्त किया है। इस मामले में अभियोजन की ओर से चार्जशीट में 25 गवाहों का नाम दिया गया था। मगर, अभियोजन की ओर से एक भी गवाह पेश नहीं किया जा सका। 

शहादत की पूर्व संध्या पर मजलिस और मातम
रसूल इमाम अली नकी की शहादत की पूर्व संध्या पर मजलिस और मातम का आयोजन हुआ। शिया समुदाय ने नौहाख्वानी और दुआख्वानी के जरिए उन्हें खिराज ए अकीदत पेश किया। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी सैयद फरमान हैदर ने बताया कि जामा मस्जिदों में जुमा की नमाज के बाद मजलिस के जरिए उलेमा ने इमाम अली नकी के जीवन पर प्रकाश डाला। दारा नगर, अर्दली बाजार, बजरडीहा, रामनगर, दुल्हीपुरा में तकरीर हुई। शहर की 28 अंजुमनों ने नमाज ए मगरीब के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में मजलिस मातम के जरिये गम मनाया। 

बच्चों के साथ मनाया नववर्ष का उत्सव
मीरा फाउंडेशन ने नई बस्ती के जरूरतमंद बच्चों के साथ नए साल की खुशियां मनाईं। उनके जीवन में नई उमंग और प्रेरणा का संचार किया। बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए स्लेट, कॉपी, पेंसिल समेत कई शिक्षण सामग्रियां दीं। इस मौके पर दीपशिखा कन्नौजिया, विजय कुमार, अजय, सजनी, शिव, प्रीति, अंजनी आदि रहीं।

ठुमक चलत राम चंद्र... की धुन पर हुए मगन
सुबह-ए-बनारस के सांस्कृतिक आयोजन में अस्सी घाट पर तरुण कलाकार अर्कद्युति हलधर ने वायलिन वादन से सभी को मुग्ध कर दिया। उन्होंने राग बसंत मुखारी में अलापचारी के बाद विलंबित तीन ताल एवं मध्यलय तीनताल में निबद्ध रचनाओं को धुनों में पिरोकर आनंदित किया। प्रसिद्ध भजन-ठुमक चलत राम चंद्र... की धुन से समापन किया। तबले पर डॉ. अमित ईश्वर ने संगत की। पं. रमेश तिवारी ने कलाकारों को प्रमाणपत्र दिया।

शंकर सेना ने की नए कैलेंडर की शुरुआत
शंकर सेना काशी मंडल द्वारा नमो घाट पर भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम स्वागतम् पूर्ण गुरु का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गुरु-शिष्य परंपरा और आध्यात्मिकता की महत्ता को समर्पित था। मुख्य अतिथि करौली शंकर ने कहा स्वयं शिव की नगरी काशी का पुरातन काल से महात्म रहा है। हम सभी सौभाग्यशाली है कि हम सभी को नए कैलेंडर वर्ष 2025 की शुरुआत इस पावन नगरी से करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में अध्यक्ष विवेक रमन खन्ना, मनोज रमण सिंह, अभिषेक रमण मिश्र आदि उपस्थित रहे। 

प्रभु हनुमान का हुआ शृंगार
आराजीलाइन ब्लाॅक के बीरभानपुर स्थित हनुमान मंदिर में शुक्रवार को शृंगार हुआ। अखंड रामायण पाठ शुरू हुआ। दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। भजन कीर्तन से हनुमत प्रभु का बखान किया। मंदिर परिसर में रंग-बिरंगे विद्युत झालरों, गुब्बारा व फूलों से मोहक आकर्षक सजावट की गई थी। आयोजक अमरीश सिंह बुल्लू ने बताया कि अखंड रामायण पाठ का समापन शनिवार को होगा। इसके बाद भंडारे का आयोजन होगा। इस दौरान युवा मंच अपना दल एस के जिलाध्यक्ष मानस सिंह, दर्शन यादव, त्रिभुवन पटेल, राजन पटेल, रमेश विश्वकर्मा आदि रहे। 

छह जनवरी को काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता
काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता के तहत फाइनल राउंड की प्रतियोगिता छह जनवरी को होगी। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल कोईराजपुर में आयोजित होगी। फाइनल प्रतियोगिता बजर राउंड के आधार पर होगी। इसमें काशी विद्यापीठ, आराजीलाइन, सेवापुरी, समस्त जोन और विश्वविद्यालय स्तर के सभी आयु वर्ग के द्वितीय चरण के विजेता इसमें प्रतिभाग करेंगे। 

दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश
किसान इंटरमीडिएट काॅलेज में ग्राम महोत्सव कार्यक्रम हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने हनुमान अवतरण दृश्य, धर्म एकता के साथ ही नशामुक्ति, देशभक्ति पर आधारित एकांकी नाटक किया। इसके साथ ही छात्राओं ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए नृत्य और गीत की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा और विशिष्ट अतिथि प्रबंधक सविता सिंह रहीं प्रधानाचार्य डॉ. शिवराज मिश्र, प्रवीण सिंह गौतम, विमल सिंह, सुरेंद्र तिवारी, अखिलेश सिंह गौतम, मतलूब खान, अधीर सिंह और विद्याभूषण मिश्र आदि मौजूद रहे। 

राजेश 5वीं बार रोटरी ब्लड डोनेशन के चेयरमैन
रोटरी मंडल (3120) के सत्र 2025-26 के नए मंडल अध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने रोटरी क्लब मिड टाउन सचिव राजेश मद्धेशिया को पांचवी बार ब्लड डोनेशन चेयरमैन बनाया। वह टीम चाणक्य में भी शामिल होने के साथ काशी रक्तदान, नेत्रदान कुटुंब के संस्थापक सचिव भी हैं। आशुतोष द्विवेदी, नीरज पारिख, प्रदीप इसरानी, राजेश भाटिया, दिनेश आदि ने उन्हें बधाई दी। 

महाकुंभ के लिए आज बंटेगा पीजी का लाइसेंस
प्रयागराज महाकुंभ के दौरान काशी में पर्यटकों की आने की उम्मीद को देखते हुए पर्यटन विभाग ने पेईंग गेस्ट हाउस के लाइसेंस वितरण की तैयारी कर ली है। उपनिदेशक पर्यटन वाराणसी आरके रावत ने बताया कि शॉर्ट लिस्टेड 212 भवन स्वामियों काे पीजी लाइसेंस का वितरण शनिवार की दोपहर कचहरी स्थित मंडलायुक्त सभागार में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और विधायक सौरभ श्रीवास्तव करेंगे। पीजी लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों को शनिवार को प्रमाणपत्र दिया जाएगा।

अब महीने के हर मंगलवार को होगा काव्यार्चन का आयोजन
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन के साहित्यिक प्रकल्प काव्यार्चन अब महीने के चारों मंगलवार को होगा। यह निर्णय शुक्रवार को संस्था के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया। संस्था के अध्यक्ष पद्मश्री डाॅ. राजेश्वर आचार्य की अध्यक्षता में भदैनी स्थित आवास पर बैठक में काव्यार्चन को विस्तृत करने पर सहमति बनी। 

संस्था के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने बताया कि इसी महीने से चारों मंगलवार को काव्यार्चन का आयोजन अस्सी घाट पर शाम पांच बजे किया जाएगा। पहले और अंतिम मंगलवार पारंपरिक कवि सम्मेलन को समर्पित होगा। वहीं, दूसरे मंगलवार को बहुभाषी कवि सम्मेलन और तीसरे मंगलवार को भारत के महान कवियों से लेकर वर्तमान युग तक हुए चर्चित कवियों की कविताओं का पाठ स्थापित कवि करेंगे। 

उन्होंने बताया कि काव्यार्चन की शुरुआत अरविंद मिश्र हर्ष, डॉ. नागेश शांडिल्य एवं एड. रुद्रनाथ त्रिपाठी पुंज के संयोजन में 19 सितंबर 2023 को अस्सी घाट पर हुई थी। एक साल पूरे होने पर अगस्त 2024 से काव्यार्चन महीने के पहले और अंतिम रविवार को दो बार होने लगा।

ई-बसों में सीटें पड़ रही कम, खड़े होकर भी कर रहे सफर
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड की ओर से 51 ई-बसें भी फुल होकर चल रही हैं। बस में सीट क्षमता से अधिक यात्री सवार हो रहे हैं, भले ही खड़े होकर सफर करना पड़े। लोड फैक्टर बढ़ चुका है। पीडीडीयूनगर-कैंट और रामनगर-कैंट के बीच ई-बसों में यात्री खड़े होकर भी सफर कर रहे हैं। हर रूट पर लोड फैक्टर में वृद्धि हुई है।

देवरिया के लार पहुंची पुलिस, नहीं मिला आरोपी
एक छात्रा के मकान पर गोली चलाने के मामले में वाराणसी की चितईपुर थाने की पुलिस बृहस्पतिवार रात लार थाना क्षेत्र के अजना गांव में प्रमोद सिंह के घर पहुंची। पुलिस ने प्रमोद के बेटे रोशन की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद टीम लौट गई। क्षेत्र के एक गांव की युवती वाराणसी के सुंदरपुर स्थित राजकीय महिला पाॅलिटेक्निक में पढ़ती है। वह किराये के मकान में रहती है। युवती जिस कमरे में बुधवार की रात गोली चलाई गई थी। 

रोशन की तलाश में चितईपुर थाने की एक टीम यहां आई थी। टीम के साथ लार पुलिस भी गांव में पहुंची। वाराणसी में मकान मालिक के बेटे शिवम पांडेय की तहरीर पर हत्या की कोशिश का पुलिस ने केस दर्ज किया है। छात्रा पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इंस्पेक्टर चितईपुर गोपाल कुशवाहा ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम अजना गांव गई थी, लेकिन रोशन नहीं मिला।

दहेज उत्पीड़न के आरोप में ससुराल के लोगों पर केस दर्ज 
सिगरा थाने की पुलिस ने एक विवाहिता की शिकायत पर उसके पति, सास और देवर समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। चंदुआ छित्तूपुर निवासी विवाहिता कोमल मौर्य के अनुसार उसकी शादी दो वर्ष पहले सोनिया खुर्द के अभिषेक मौर्य से हुई थी।

शादी के कुछ दिनों बाद से ही सास गिरिजा देवी, देवर प्रिंस समेत ससुराल के अन्य लोग प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि अभिषेक की दूसरी शादी का षडयंत्र करते हुए उसका चार माह का गर्भ भी गिरा दिया गया। कोमल के अनुसार सिगरा थाने की पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उसने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में गुहार लगाई।

पैसे ठग कर शेयर मार्केट में करते थे निवेश
निवेश करने पर कम समय में ज्यादा मुनाफा दिलाने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर 34 लोगों से लगभग तीन करोड़ रुपये ठगने के दो आरोपियों को शुक्रवार को सारनाथ थाने की पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। 

अदालत ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने कहा कि वह लोगों से पैसे लेकर शेयर मार्केट में लगाते थे। साल भर से उन्हें लगातार घाटा हो रहा था। इस वजह से वह किसी के पैसे लौटा नहीं पा रहे थे। इसीलिए छिप कर रह रहे थे।

सारनाथ थाने की पुलिस ने मवैया स्थित सिद्धि अपार्टमेंट में रहने वाले अवधेश कुमार और शक्तिपीठ कॉलोनी, बरईपुर निवासी चंद्रमणि कुशवाहा को ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया था। दोनों के पास तीन फर्जी आधार कार्ड और एक आईडी कार्ड बरामद हुआ है। सारनाथ थाने की पुलिस की पूछताछ में अवधेश ने बताया कि वह मूल रूप से जौनपुर के राजेपुर गांव का रहने वाला है। वह लोगों को एसएमआईएफएस लिमिटेड कंपनी की आईडी दिखा कर निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करता था। 

आश्वस्त करता था कि कम से कम समय में वह ज्यादा से ज्यादा मुनाफा दिलाएगा। इस काम में उसका सहयोग चंद्रमणी कुशवाहा करता था। लोग जो निवेश करते थे वह पैसे दोनों आपस में बांट लेते थे। उधर, इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि जितने भी लोगों के साथ दोनों आरोपियों ने ठगी की है, उन सभी का बयान विवेचना में शामिल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो एडीसीपी और पांच एसीपी के कार्यक्षेत्र बदले
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रात कमिश्नरेट के दो एडीसीपी और पांच एसीपी के कार्यक्षेत्र में तब्दीली की। इस क्रम में कमिश्नरेट के काशी जोन के एडीसीपी के पद पर आईपीएस सरवणन टी और वरुणा जोन के एडीसीपी के पद पर आईपीएस नीतू को तैनात किया गया है। एडीसीपी सरवणन टी डायल 112 और जल पुलिस के भी नोडल अफसर होंगे। 

इसके अलावा भेलूपुर सर्किल का एसीपी आईपीएस डॉ. ईशान सोनी को, कोतवाली सर्किल का एसीपी डिप्टी एसपी प्रज्ञा पाठक को और दशाश्वमेध सर्किल का एसीपी डिप्टी एसपी धनंजय मिश्रा को बनाया गया है। डिप्टी एसपी सोमवीर सिंह को एसीपी मुख्यालय और जल पुलिस व पर्यटक पुलिस के पर्यवेक्षण की  जिम्मेदारी दी गई है। डिप्टी एसपी नितिन तनेजा को एसीपी सुरक्षा के पद पर तैनात किया गया है।

जुमे की नमाज के मद्देनजर एडिशनल सीपी ने की पैदल गश्त
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. एस चनप्पा ने जुमे की नमाज के मद्देनजर गश्त की। बेनियाबाग तिराहे से नई बस्ती, लंगड़ा हाफिज मस्जिद, दालमंडी होते हुए पैदल ही रामापुरा तक गए। उन्होंने दशाश्वमेध थानाध्यक्ष को चेताया कि सड़क पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में न होने पाए। सड़क पर वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े न हों। सुरक्षा और निगरानी को लेकर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरतें। 

श्रद्धालुओं के ठहराव स्थलों का डीसीपी गोमती जोन ने किया निरीक्षण
डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने महाकुंभ के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं के ठहराव स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में डीसीपी गोमती जोन ज्ञानदायिनी महिला महाविद्यालय परमपुर, काशी कृषक इंटर कॉलेज हरहुआ और राम मनोहर लोहिया महाविद्यालय व अंबिका प्रसाद सिंह इंटर कॉलेज भैरवतालाब का जायजा लिए। इस दौरान डीसीपी ने इलाकाई थानेदारों और पुलिस अफसरों को कहा कि सभी ठहराव स्थलों में साफ-सफाई, पीने के पानी, शौचालय और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था रहे।

बनारस बार एसोसिएशन ने किया सम्मानित
बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए समाचार पत्रों के विधि संवाददाताओं को शुक्रवार को कचहरी परिसर में सम्मानित किया गया। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने विधि संवाददाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। 

उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में होने वाली छोटी से छोटी घटनाओं को अपने समाचार पत्र के माध्यम से जनता के बीच ले जाने में विधि संवाददाताओं की अहम भूमिका होती हैं। इस अवसर पर विधिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष मेराज फारुकी जुग्गन, महामंत्री घनश्याम मिश्रा, उपाध्यक्ष अमरेंद्र तिवारी व मनोज तिवारी और मंत्री वीरेंद्र कुमार सिंह सम्मानित किए गए। इस अवसर पर एल्डर्स कमेटी के सदस्य गुड्डू शर्मा, मयंक मिश्रा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। 

कैंप में मोतियाबिंद का हुआ निशुल्क इलाज
मौलाना आजाद बुनकर अस्पताल बड़ी बाजार में शुक्रवार को लगे निशुल्क कैंप में मोतियाबिंद, हाइड्रोसील के मरीजों का ऑपरेशन हुआ। उद्घाटन सहायक निबंधन अधिकारी मंगलेश सिंह पालीवाल ने किया। अस्पताल पदाधिकारी अनवर उल हक अंसारी ने बताया कि कैंप में हाइड्रोसील और मोतियाबिंद के ऑपरेशन के साथ यहां पथरी और अपेंडिक्स के ऑपरेशन में भी 50 फीसदी की छूट दी जा रही है। ऑपरेशन के लिए मरीज रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। यह फरवरी माह तक चलेगा। कैंप में सरदार इकरामुद्दीन, हाजी मो. हारून, हाजी जलीस अहमद, डाॅ. लियाकत अली, हाजी आफताब आलम आदि मौजूद रहे। 

एनसीओई सिगरा के तीन कोच नियुक्त
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने वाराणसी के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेस (एनसीओई) के लिए शनिवार को कोच नियुक्त कर दिया। इसके साथ ही वाराणसी के सिगरा स्थित डाॅ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के एनसीओई में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का काम जल्द ही शुरू हो जाएगा। साई एनसीओई सेंटर के प्रभारी शुभांशु द्विवेदी ने बताया कि वाराणसी एनसीओई के लिए चार तीन नियुक्त किए गए हैं। सभी कोच जल्द ही पहुंच जाएंगे। कुश्ती के लिए भीम सिंह, मुक्केबाजी के कोच अभिषेक मालवीय और तलवारबाजी की जिम्मेदारी भाग्यश्री सिंह को दी गई है। 

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने दिया धरना
पंडित दीनदयाल जिला अस्पताल में सीएमएस के खिलाफ 50 डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ ने ओपीडी के बाद धरना प्रदर्शन किया। डॉक्टरों ने कहा कि सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह को उनके पद से हटाने के लिए धरना दिया जा रहा है। अभी तक शासन या प्रशासन द्वारा अस्पताल सीएमएस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

डॉक्टरों ने बताया कि संघर्ष समिति के तहत दोपहर दो बजे के बाद ओपीडी टाइमिंग समाप्त होने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। करीब 10 दिन पहले सीएमएस के प्रति दुर्व्यवहार, गलत तरीके से ड्यूटी लगाने सहित अन्य समस्याओं को लेकर डीएम, अपर निदेशक, सीएमओ को पत्र देकर सीएमओ को हटाने की मांग की गई है। 

दिव्यांगों के पुनर्वास पर जताई नाराजगी
दिव्यांग जन सशक्तीकरण मंत्रालय के राज्य सलाहकार बोर्ड सदस्यों ने रामनगर में बाल और बालिका सुधार गृह का दौरा किया। बोर्ड सदस्यों में डॉ. उत्तम ओझा और डॉ. संजय चौरसिया ने यहां दिव्यांग बच्चों की स्थिति देखी। उनकी शिक्षा और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। यहां अभी 13 दिव्यांग बालक-बालिकाएं हैं। डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि जल्द ही इनकी शिक्षा और पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाएं की जाएंगी। डॉ. संजय चौरसिया ने कहा कि राज्य सरकार की सुविधाओं का लाभ प्रत्येक दिव्यांग को मिलना चाहिए। जिले की सामाजिक संस्थाओं से बात कर दिव्यांगों के लिए पुनर्वास कार्यक्रम चलाए जाएंगे। 

बीमारियों से बचाव की दी जानकारी
विकास इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को सर्दी के मौसम में खांसी, जुकाम एवं सांस संबंधी बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। डॉ. परमेश्वर अरोड़ा ने कहा कि मौसम बदलने के दौरान अचानक तापमान परिवर्तन होता है, जो खांसी, ठंड और फ्लू जैसे संक्रमण और बीमारियों का कारण है। इससे लोगों को बचना चाहिए। इस दौरान डॉ. परमेश्वर अरोड़ा, डॉ. एके सिंह सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे। 

माध्यमिक विद्यालयों को भी बंद करने की मांग
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह से वार्ता की। जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि अत्यधिक शीतलहर की वजह से छात्र बीमार पड़ रहे हैं। उसे देखते हुए बेसिक की तरह 14 जनवरी तक माध्यमिक विद्यालयों को भी बंद किया जाए या विद्यालयों का समय बदला जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही जिलाधिकारी से समस्या को बताकर समस्या का समाधान किया जाएगा। इस दौरान अरविंद कुमार, कमलेश सिंह, सत्येंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह, मनोज कुमार मौजूद रहे। 

छात्राओं को कम्युनिटी पुलिसिंग की जानकारी दी
यातायात सभागार कमिश्नरेट में एसपीइएल (स्टूडेंट्स पुलिस एक्सपेरीटियल लर्निंग) कार्यक्रम के तहत द्वितीय चरण की प्रगति की समीक्षा हुई। समीक्षा पुलिस महानिदेशक लखनऊ आशीष गुप्ता ने की। छात्र-छात्राओं ने पुलिस महानिदेशक के सामने अपने अनुभव साझा किए। पुलिस उपायुक्त चंद्रकांत मीणा ने कम्युनिटीी पुलिसिंग और महिलाओं, बच्चों की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर के बारे में बताया। कार्यक्रम में अपर पुलिस उपायुक्त ममता रानी ने एसपीईएल कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारियों और छात्र-छात्राओं को निर्देशित किया। 

12 छुट्टा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा
नगर निगम की ओर से शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। विश्वेश्वरगंज, सोनिया, चंदुआ सट्टी से 12 छुट्टा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया। शिवाला घाट की गली से घाट जाने वाले रास्ते से कब्जा हटवाया गया। दुर्गाकुंड में शौचालय के पास खड़ी वैन को यातायात विभाग से हटवाया गया। खोजवां से अतिक्रमण हटवाए गए। 

निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 7 को
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इसके तहत निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी के स्थान पर अब 7 जनवरी को किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से आए निर्देश के क्रम में निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन अब 7 जनवरी को होगा। 

122 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे
बकाया वसूली के तहत बिजली निगम की ओर से अभियान चलाकर 122 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। उपखंड अधिकारी बड़ागांव अखिलेश गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने विशेष अभियान चलाया। हसनपुर के चंगवार गांव में बिजली बिल बकाया होने पर 122 लोगों के कनेक्शन काटे। मौके पर 16 लोगो से बिजली बिल जमा किए। 

बीएचयू में कार्यशाला का शुभारंभ
बीएचयू के डीएसटी-सीआइएमएस और महिला महाविद्यालय के तत्वावधान में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसमें बेजियन फ्रंटियर्स : अन्वीलिंग द फ्यूचर ऑफ स्टैटिस्टिकल मॉडलिंग एंड इन्फेरेंस पर चर्चा हुई। संयोजिका डॉ. अंकिता गुप्ता ने इसके उद्देश्य की जानकारी दी। विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. सत्यांशु कुमार उपाध्याय ने इसमें भाग लेने के महत्व पर जोर दिया। मुख्य अतिथि प्रो. अर्नेस्ट फोक ने भारत को अध्यात्मिक देश कहते हुए और विश्वविद्यालय परिसर पर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में प्रो. संजीव सिंह तोमर, डॉ. राकेश रंजन आदि मौजूद रहे। 

आरडी कैंप से विकसित भारत के लिए तैयार करेंगे कैडेट्स
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने कहा कि एनसीसी गणतंत्र दिवस (आरडी) कैंप 2025 का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत के लिए कैडेट्स को तैयार करना है। कहा कि इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए एनसीसी ने अपने सिलेबस में 20 फीसदी बदलाव किया है ताकि कैडेट्स भविष्य की चुनौतियों से सामना कर सकें। 

उन्होंने दिल्ली कैंट में चल रहे एनसीसी गणतंत्र दिवस कैंप और एनसीसी की भविष्य की योजनाओं के बारे में कहा कि एनसीसी की स्वीकृत क्षमता 20 लाख कैडेट्स की है, लेकिन वर्तमान में इसकी संख्या 17 लाख है। इनमें से 40 फीसदी लड़कियां हैं। उन्होंने कहा कि बीते 10 साल में महिला कैडेट्स की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है।

तीन लाख नए कैडेट्स को जोड़ने का है लक्ष्य : डीजी सिंह ने बताया कि एनसीसी का चरणबद्ध विस्तार करने की योजना बनाई जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में एनसीसी के विस्तार का काम पूरा कर लिया गया है। तीन लाख नए कैडेट्स को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। एनसीसी गणतंत्र दिवस कैंप 2025 में देशभर से कुल 2,361 कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। इसमें इस साल 917 महिला कैडेट्स भाग ले रही हैं, जो अब तक की सबसे ज्यादा संख्या है। 
 

10 लाख छात्र ले रहे हैं साथी पोर्टल की सेवाएं
केंद्र सरकार की पहल पर आईआईटी कानपुर की ओर से तैयार किए गए साथी पोर्टल पर 10 लाख छात्रों सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। इसके तहत घर बैठे छात्रों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, स्नातक और सरकारी नौकरी की राष्ट्रीय परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग मिल रही है। छात्र यहां जेईई, नीट, एसएससी, आईबीपीएस, आईसीएआर, सीयूईटी की कोचिंग ले सकते हैं। केंद्र सरकार के स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार ने बताया कि साथी पोर्टल का मकसद प्रत्येक छात्र के लिए सुलभ, उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण संसाधन, समानता और समावेशन को बढ़ावा देना है। 

आईआईटी में 11 जनवरी को पीएचडी ओरिएंटेशन
आईआईटी-बीएचयू में 11 जनवरी को पीएचडी ओरिएंटेशन सेशन रखा गया है। कुल सात घंटे के ओरिएंटेशन में आईआईटी की ओर से सत्र 2024-25 के लिए चयनित शोध छात्र और छात्राओं को कैंपस गतिविधियों से परिचित कराया जाएगा। संस्थान के सभी डीन, अधिकारी, लाइब्रेरियन और प्रोफेसर बारी-बारी से शोधार्थियों का सेशन चलाएंगे। कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था और वाराणसी की संस्कृति के बारे में भी बताया जाएगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम और काउंसिलिंग का भी कार्यक्रम होगा। आईआईटी बीएचयू में बीते दो महीने में पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 

विद्यापीठ में नौ जनवरी से होगी एनसीसी में भर्ती
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नौ जनवरी को एनसीसी की भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। एनसीसी के प्रथम वर्ष में यूजी कोर्स के छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। आचार्य नरेंद्र देव हॉस्टल के सामने खेलकूद मैदान में दिन में 11 बजे से चयन की प्रकिया शुरू हाे जाएगी। इसमें पहले सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकते हैं। गायन और वादन वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र के आधार पर चयन में वरीयता दी जाएगी। इच्छुक छात्र को इस भर्ती में शामिल होने के लिए स्नातक प्रथम वर्ष या प्रथम सेमेस्टर की फीस रसीद और आधार कार्ड की फोटोकॉपी लानी होगी। 

फरवरी के पहले सप्ताह में पहुंचंेगी उत्तर पुस्तिकाएं
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए फरवरी के पहले सप्ताह में करीब एक लाख उत्तर पुस्तिकाएं आएंगी। जिसे क्वींस इंटर काॅलेज में बने स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। यहां से केंद्रों पर भेजे जाएंगे। 24 फरवरी से 12 मार्च तक परीक्षा होगी। इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में 92,563 विद्यार्थी शामिल होंगे। 10वीं में 45,493 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। 22,384 बालक और 23109 बालिकाएं इसमें शामिल होंगी।

12वीं में 47,070 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें 22,702 बालक और 24,368 बालिकाएं हैं। डीआईआेएस अवध किशोर सिंह बताया कि परीक्षा शुरू होने से दो सप्ताह पहले स्ट्रांग रूम में उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्र आ जाएंगे। 

आईओई के डिप्टी कोऑर्डिनेटर बने गोपेश्वर नारायण
बीएचयू में विज्ञान संस्थान स्थित मॉलिक्यूलर और ह्यूमन जेनेटिक्स विभाग के प्रो. गोपेश्वर नारायण को इंस्टिट्यूशन ऑफ ऐमिनेंस (आईओई) का डिप्टी कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक के लिए की गई है। वो अपने विभाग में अध्यापन के साथ ही इस पद की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि अब 86 दिन के बाद 31 मार्च को आईओई फंड बंद कर दिया जाएगा। 

राधा किशोरी बालिका इंटर काॅलेज रामनगर को पीएमश्री विद्यालय में शामिल करने की तैयारी
प्रधानमंत्री स्कूल फाॅर राइजिंग इंडिया (पीएमश्री) योजना के तहत तीसरे चरण में राधा किशोरी बालिका इंटर काॅलेज रामनगर का नाम भेजा गया है। पीएमश्री स्कूलों में हाईटेक क्लास, आधुनिक लैब, स्मार्ट क्लास, बिल्डिंग, साफ-सफाई की व्यवस्था, खेल मैदान की सुविधा रहेगी। 

इसके अलावा रोजगार परक शिक्षा और इंटर्नशिप की सुविधा भी मिलेगी। इन स्कूलों में बच्चे महीने में दस दिन बिना बैग के आएंगे। छात्र हैकथॉन, सर्वे, विज्ञान व गणित प्रोजेक्ट में भी हिस्सा लेंगे। जिला समन्वयक अनुराग दुबे के मुताबिक अब तक 5 विद्यालय प्रभुनारायण इंटर काॅलेज रामनगर, क्वींस इंटर काॅलेज लहुराबीर, राजकीय इंटर काॅलेज जक्खनी और मलदहिया को शामिल किया गया हैं।

तीन घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम से संबंधित 33 केवीए दौलतपुर उपकेंद्र के शक्तिनगर फीडर से शनिवार को तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता नगरीय विद्युत निर्माण खंड द्वितीय राकेश कुमार ने बताया कि काली माता मंदिर-आजमगढ़ रोड चौड़ीकरण के लिए दिन में 11 से 2 बजे तक लाइन शिफ्टिंग ओर पेड़ों की कटाई की जाएगी। इस वजह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 

आंगनबाड़ी केंद्र भी 14 जनवरी तक बंद रहेंगे
जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए 14 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-कर्मचारी आएंगे और अपने काम करेंगे। जिले में 3914 केंद्रों पर एक लाख 51 हजार बच्चे पंजीकृत हैं।
विज्ञापन

कुंभ से पहले नावों पर चस्पा होगी रेट लिस्ट
जल पुलिस और नाविक समाज की बैठक अस्सी घाट पर हुई। इस दौरान नाविकों ने सर्वसम्मति से नावों पर नगर निगम द्वारा जारी रेट लिस्ट लगाने का फैसला किया। काशी आने वाले पर्यटकों से विनम्रता पूर्वक व्यवहार करने की नसीहत जल पुलिस प्रभारी ने दी।

मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने बताया कि कुंभ से पहले सभी नावों पर नगर निगम द्वारा जारी रेट लिस्ट जारी कर दिया जाएगा। जल पुलिस प्रभारी एसआर गौतम ने कहा कि क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर कार्रवाई की जाएगी। नाविकों ने बताया कि ऑनलाइन और बिचौलियों की वजह से समस्या आ रही है। बैठक में एसडीएम मनोज कुमार तिवारी, विरेंद्र निषाद, राकेश, मुन्ना साहनी मौजूद रहे। 

कायाकल्प में दुर्गाकुंड सीएचसी फर्स्ट रनर अप
दुर्गाकुंड सीएचसी को कायाकल्प योजना 2023-24 में फर्स्ट रनर अप का खिताब मिला है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत ये अवाॅर्ड दिया गया। कार्यक्रम के दौरान क्यूआर कोड के माध्यम से शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पते का भी उद्घाटन किया गया। नॉन कम्युनिकेबल रोगों के लिए अलग एनसीडी क्लीनिक का उद्घाटन हुआ। यहां कोई भी व्यक्ति बीएमआई, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और शरीर की अन्य जांच निशुल्क करा सकता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. संदीप चौधरी ने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के सभी स्वास्थ्यकर्मी बधाई के पात्र हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें