तुलसी घाट पर गंगा में स्नान के दौरान डूब रहे 12 वर्षीय बालक को जल पुलिस के सिपाही मनोज साहू और स्थानीय नाविकों ने सकुशल बचा लिया। बिरादोपुर निवासी रवींद्र मिश्रा अपने 12 वर्षीय बेटे तुषार और परिजनों के साथ गंगा स्नान के लिए तुलसी घाट पर आए थे। स्नान के दौरान तुषार गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। परिजनों के शोर मचाने पर जल पुलिस के सिपाही और स्थानीय नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए तुषार को पानी से बाहर निकाल लिया। तुषार के परिजनों ने जल पुलिस के सिपाही और स्थानीय नाविकों का आभार जताया।
पंचायत में मारपीट, चार घायल
पिसौर में पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में घायल पति ने पत्नी के मायके के पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। असवानी, राजातालाब निवासी रोहित पांडेय ने बताया कि उनका उनकी पत्नी संजना पांडेय से विवाद चल रहा है। शनिवार को पिसौर में रहने वाली उनकी बड़ी बहन नम्रता मिश्रा के घर पर समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई।
रोहित के अनुसार बातचीत के दौरान उनकी पत्नी के पक्ष से आशापुर के शैलेश पांडेय, अलाउद्दीनपुर मंगलपुर के शुभम पांडेय व उसके पिता विनोद पांडेय और भरथरा खुर्द के अक्षत तिवारी व अंकित तिवारी ने उन्हें, उनकी मां-बहन और दोस्त शशांक मिश्रा को मारापीटा। रोहित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
गैंगस्टर एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ के काकोरी थाने के धुरधुरी तालाब, सकरामोहान रोड, कनौजिया सिटी निवासी रूपेश शुक्ला को सिगरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। रूपेश के खिलाफ सिगरा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है और वह अपनी गैंग का लीडर है। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र द्वारा गिरफ्तार किया गया रूपेश अभ्यस्त चोर है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में सिगरा थाने में चोरी के आरोप में छह मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
नाली-खड़ंजा तोड़ने के आरोपियों पर केस
सामने घाट इलाके की रत्नाकर विहार कॉलोनी में नाली और सड़क निर्माण का काम कराया जा रहा है। शिव प्रसाद गुप्त कॉलोनी की लेन नंबर-3 में रहने वाले आनंद कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि शनिवार को दिन में हुए निर्माण कार्य को शंभू यादव और उसका बेटा अनिल यादव अपने 15 से 20 साथियों के साथ मिलकर रुकवा दिया। इसके साथ ही मजदूरों से गालीगलौज करते हुए निर्माण कार्य क्षतग्रस्त कर दिया। आनंद की शिकायत पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
खाते से 16 लाख निकालने का आरोपी गिरफ्तार
परनापुर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव को चौबेपुर थाने की पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना सहित अन्य आरोपों में रविवार को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। परनापुर गांव की शीला देवी की तहरीर पर 31 मई 2023 को चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शीला देवी का आरोप है कि उनके पति की मौत हो गई है। पति की मौत के बाद उनके खाते से देवर धर्मेंद्र यादव सहित ससुराल के अन्य लोगों ने धोखे 16 लाख रुपये निकाल लिए। इसके साथ ही पति के नाम से रजिस्टर्ड दो ट्रक और एक स्कॉर्पियो हड़प लिए। आरोपियों ने एक ट्रक बेच भी दिया। उधर, इस संबंध में चौबेपुर थानाध्यक्ष प्रशिक्षु एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमे की विवेचना में दोषी मिलने पर धर्मेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है।
अंडरग्राउंड केबल कटी बिजली आपूर्ति बाधित
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कलेक्ट्रीफार्म स्थित पेट्रोल पंप के पास बीती शाम करीब 6 बजे को अंडरग्राउंड केबल कट गई। इस वजह से आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने देखा कि जेसीबी से कटने की वजह से घटना हुई। अधिशासी अभियंता शुभम पांडेय ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की वजह से कामकाज चल रहा है। इसी वजह से जेसीबी से खोदाई में अंडरग्राउंड केबल कट गया। फाल्ट मिलने के बाद उसको सही कराया गया।
सांसद आदर्श गांव का किया निरीक्षण
सांसद आदर्श ग्राम परमपुर का खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान सभी लाभार्थियों को आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत परमपुर में सीएसआर योजना के अंतर्गत कुल 25 आवासों का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें से 22 आवास निर्माणाधीन पाए गए शेष आवासों को भी जल्द शुरू करने के लिए ग्राम प्रधान और सचिव को निर्देशित किया। इसके बाद परमपुर में संचालित अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया।
गेहूं की बोआई के साथ अब खरीद की तैयारी शुरू
गेहूं की बोआई अभी चल ही रही है कि शासन ने गेहूं खरीद की तैयारी शुरू कर दी है। गेहूं खरीद एक मार्च से प्रस्तावित है। इसको लेकर अधिकारियों की नियुक्ति, केंद्र निर्धारण से लेकर गेहूं उत्पादन के आंकलन और केंद्रों पर सभी व्यवस्था को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। एक जनवरी से पंजीकरण व सत्यापन शुरू हो जाएगा। जिला खाद्य व विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि खाद्य तथा रसद विभाग के अपर आयुक्त ने गेहूं खरीद की समय सारिणी जारी कर दी है।
खेतों में ड्रोन से यूरिया का छिड़काव
पिंडरा ब्लॉक के करखियाव गांव मे बेहतर खेती के लिए ड्रोन से नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का छिड़काव करवाया गया। इस दौरान ड्रोन से छिड़काव देखने किसान भी पहुंचे। ड्रोन सखी आशा वर्मा ने बताया कि यह ड्रोन फसलों को स्वस्थ रखने के लिए कीटनाशक को खत्म करेगा। किसान अश्वनी सिंह ने बताया कि खड़ी फसल पर छिड़काव होने के वजह से इसका असर जमीन तक नहीं पहुंचता।
लोकतंत्र सेनानी, पूर्व सभासद डॉ बैजनाथ का निधन
भाजपा के वरिष्ठ नेता, कुशल संगठक, लोकतंत्र सेनानी, पूर्व सभासद डॉ. बैजनाथ प्रसाद का रविवार को 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनका बीएचयू में इलाज चल रहा था। मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। मुखाग्नि उनके कनिष्ठ पुत्र प्रमोद कुमार वर्मा ने दी। वह शिवपुर वार्ड से 3 बार सभासद रहे थे। राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर अशोक तिवारी, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय समेत भाजपा नेताओं ने शोक संवदेनाएं व्यक्त की।
कैप्टन भानु प्रताप सिंह के परिजनों को दी सांत्वना
भारतीय सेना में कैप्टन भानु प्रताप सिंह के निधन पर कांग्रेसजनों ने शोक जताया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का शोक संवेदना पत्र लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल धौरहरा पहुंचा। जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने परिजनों से कहा कि कांग्रेस इस दुख की घड़ी में आपके साथ है। इस दौरान राजीव राम, अशोक कुमार सिंह मौजूद रहे।
आयुष मंत्री को शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन
बीएड वरीयता पर चयनित शिक्षा मित्र से बने शिक्षकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र को मांग पत्र सौंपा। अपने प्रकरण पर विभिन्न जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों की ओर से मांगे मार्गदर्शन पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। धनेश मिश्र ने पुरानी पेंशन का लाभ दिए जाने की मांग की।
आयुष मंत्री ने बेसिक सचिव को फोन से समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज ने भी शिक्षकों की समस्याओं के सामधान का आश्वासन दिया। धनेश कुमार मिश्रा, पवन सिंह, संतोष तिवारी डॉ. चंचल श्रीवास्तव, नीरज सिंह, सुधीर सिंह आदि शामिल रहे।
एससी, एसटी कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष बने आशाराम
स्टेट बैंक एससी, एसटी कर्मचारी कल्याण संघ लखनऊ मंडल की जनरल बॉडी की बैठक में कर्मचारी कल्याण से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रयागराज से उपमहामंत्री आशाराम का चयन एससी, एसटी कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष के लिए हुआ।
मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार महामंत्री चुने गए। संकुल भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक लखनऊ मंडल शरद चांडक, महाप्रबंधक कौशलेंद्र कुमार, अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने चयनित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में सुरेश चंद, केएल चावन, विश्वनाथ, रमाशंकर जायसवाल मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने सुनी पीएम मोदी के मन की बात
भाजपा नेताओं ने रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और एमएलसी अलग-अलग बूथों पर गए। हर बूथ पर मन की बात सुनने की व्यवस्था की गई थी।
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा अपने बूथों पर गए। एमएलसी धर्मेंद्र राय ने पीएम की बातों को प्रेरक बताया। कहा कि प्रधानमंत्री ने गंगा का जिक्र किया है। जनवरी में प्रयागराज महाकुंभ लगेगा। इसमें देश-दुनिया से श्रद्धालु आएंगे। जो श्रद्धालु आएंगे, वे काशी आकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे।
नगर आयुक्त को भेजा नोटिस
बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने डाक के जरिये नगर आयुक्त को विधिक नोटिस भेजा है। उनके अनुसार बंदरों, कुत्ता, सांड़ आदि पकड़ने में नगर निगम विफल है। बंदरों के डर से छत पर जाना मुहाल हो गया है। गली में कुत्तों और सड़क पर सांड़ों का जमावड़ा है। कहा कि नगर निगम अधिनियम के मुताबिक नगर निगम का यह विधिक कर्तव्य व दायित्व है कि वे आवारा पशुओं से शहरवासियों को बचाएंगे। बार बार प्रत्यावेदन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पीएम को भेजी चिट्ठी, कहा- न मिले सेवा विस्तार
बीएचयू छात्र संघ के पूर्व पदाधिकारियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रो. सुधीर कुमार जैन को कुलपति पद पर सेवा विस्तार न दिए जाने की अपील की गई है। छात्र संघ के पूर्व अरविंद शुक्ल ने पत्र में 11 पॉइंटस में आरोप लगाया। लिखा कि सत्रारंभ में विश्वनाथ मंदिर के रुद्राभिषेक में कुलपति कभी शामिल नहीं हुए। जबकि बीएचयू की यही परंपरा रही है। इसके अलावा, 6000 सीटें खाली जाने के बाद भी युवाओं को प्रवेश नहीं दिया गया। शोध प्रवेश में खामियों का आरोप लगाया। नियुक्तियों में भेदभाव भी हुए। बिना एग्जीक्यूटिव काउंसिल के ही नियुक्तियां हुईं।
सुरक्षा के लिए सीसी कैमरे जरूर लगवाएं
बढ़ती ठंड के बीच चोरी और लूट की आशंका को लेकर फूलपुर थाने की पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक की। पिंडरा, फूलपुर, कुआर, कठिराव और मंगारी के व्यापारियों से पुलिस ने अनुरोध किया कि सीसी कैमरे लगाकर दुकान और खुद की सुरक्षा को मुकम्मल करें। फूलपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह से व्यापारियों ने कहा कि बाजार में सामान खरीदने आने वाले ग्राहकों के वाहन के चालान से उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। इस पर थानाध्यक्ष ने इलाके के दरोगा को केवल संदिग्धों के ऊपर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
ऑटो, टैक्सी यूनियन ने दूसरे दिन भी किया प्रदर्शन
प्रीपेड टैक्सी सेवा खत्म करने के विरोध में कैंट स्टेशन प्रशासन और ऑटो, टैक्सी यूनियन के बीच विवाद बढ़ रहा है। रविवार को दूसर दिन भी चालकों ने स्टेशन निदेशक के खिलाफ सर्कुलेटिंग एरिया में विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन पदाधिकारियों ने छह जनवरी को सांकेतिक हड़ताल की चेतावनी दी है।
वाराणसी ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष भगवान सिंह ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा ऑटो चालकों से 3000 की प्रीपेड राशि जमा कराने का दावा किया गया है। जबकि साल में 6000 रुपये देना पड़ रहे हैं।
यदि रेलवे प्रशासन ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की तो अवैध वसूली बढ़ जाएगी और गाड़ियों का दबाव बढ़ेगा। प्रदर्शन में महामंत्री देवनंदन सिंह, संजय राय, कैलाश गुप्ता, सुभाष सिंह, अखिलेश यादव, विनोद सोनकर, विनोद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
रवींद्रपुरी में तोड़ दी सीवर की पाइप लाइन, फैला गंदा पानी
रवींद्रपुरी इलाके में कार्यदायी एजेंसी ने निर्माण कार्य के दौरान सीवर पाइप लाइन तोड़ दी। इससे आस पास के इलाकों में सीवर फैल गया। क्षेत्रीय लोगों ने जलकल से इसकी शिकायत की। बीते एक साल से रवींद्रपुरी-लंका मार्ग पर जल निगम की ओर से सीवर पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है।
काम की रफ्तार धीमी होने के कारण तीन महीने पहले पूरा होने वाला काम अब तक नहीं हुआ है। कभी ब्रांच लाइन तो कभी मेन लाइन को लेकर दिक्कत आ रही है। इन दिनों खोदाई के दौरान सीवर की पाइप लाइन तोड़ दी गई। इससे आसपास सीवर बहने लगा। इस मार्ग पर 24 घंटे यातायात होने के बावजूद कार्यदायी एजेंसी ध्यान नहीं दे रही है।
सीवर से चारों ओर बदबू फैल रही है। क्षेत्र के राकेश सिंह ने कहा कि यहां आए दिन खोदाई और पाइप डालने का काम चल रहा है। दिक्कत तब होती है जब सीवर सड़क पर बहने लगता है। जलकल सचिव ओपी सिंह ने कहा कि जानकारी मिलने पर वहां मरम्मत का काम हो रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
वाराणसी के 4 वरिष्ठ सहायक बने प्रधान सहायक
माध्यमिक शिक्षा परिषद में कार्यरत 36 वरिष्ठ सहायकों की पदोन्नति प्रधान सहायक के पदों पर हुई। परिषद सचिव भगवती सिंह का पदोन्नति आदेश सभी पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, मेरठ और गोरखपुर के अपर सचिवों को उपलब्ध हो चुका है।
क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी कर्मचारी संघ अध्यक्ष कन्हैया लाल ने बताया कि वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यरत कुल पांच वरिष्ठ सहायकों की पदोन्नति हुई है। इसमें अमित कुमार श्रीवास्तव, व्योमा पाठक, रूबी शर्मा, विनीत गौड़ की पदोन्नति हुई।
वरिष्ठ सहायक चंदन सिंह की पदोन्नति क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ में हुई। उन्होंने संगठन पदाधिकारी चंदन सिंह पदोन्नति मेरठ से निरस्त कर वाराणसी में करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक बरेली में 15, मेरठ में 8, गोरखपुर में 5, वाराणसी और प्रयागराज में 4-4 कर्मचारियों की पदोन्नति हुई।
काशी नटीनियादाई व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष समेत 51 ने ली शपथ
काशी नटीनियादाई व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण और व्यापारी सम्मान समारोह रविवार को बसही स्थित लॉन में हुआ। शुभारंभ गाजीपुर एमएलसी विशाल सिंह चंचल और भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने फोटो गैलरी से किया। नई कार्यकारिणी के 51 लोगों का शपथ ग्रहण हुआ।
साथ ही 15 व्यापारियों को अनमोल रत्न से नवाजा गया। मंडल सत्र 2024-25 के लिए संरक्षक एपी सिंह, अजय पटेल, राजेश श्रीवास्तव और प्रभारी राजेश वर्मा, संयोजक शरद वर्मा, अध्यक्ष पंकज सिंह, महामंत्री संगठन अभिषेक उपाध्याय, महामंत्री प्रशासन पीके यादव, कोषाध्यक्ष बबलू, सहसंयोजक राधेश्याम गोंड को चुना गया। महिला उपाध्यक्ष निशा सिंह, नीरा गोंड समेत अन्य पदों पर व्यापारियों को जिम्मेदारी मिली। समारोह में विनीत सिंह, मनीष सिंह, प्रतीक गुप्ता, राजेश त्रिवेदी, सिंधु सोनकर, मनोज दुबे आदि मौजूद रहे।
रामनगर-पड़ाव फोरलेन सड़क निर्माण में गई जमीन के मुआवजे की मांग
लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के उद्यमियों ने रविवार को चंदौली जिला उद्योग बंधु की बैठक में रामनगर-पड़ाव फोरलेन सड़क में गई जमीनों के मुआवजे का मुद्दा उठाया। अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि उद्यमियों, ग्रामीणों के मकानों, दुकानों को बिना नोटिस और बिना उचित मुआवजा दिए ढहा दिया गया।
भोजपुर में राजस्व विभाग के दस्तावेज में सड़क की चौड़ाई 15 मीटर दर्ज है, जिसका कागज संगठन के पास है। सड़क की चौड़ाई 26 मीटर है। लेकिन पीडब्ल्यूडी अधिकारी 26 मीटर सड़क का दस्तावेज मांगने पर नहीं दे रहे हैं। कटेसर से पड़ाव तक सड़क की चौड़ाई अलग-अलग है। कही सड़क 9 मीटर तो कही 15 मीटर दर्ज है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारी मनमानी करते हुए पड़ाव चौराहा से कटेसर तक सड़क की चौड़ाई 26 मीटर बताकर मुआवजा नहीं देना चाहते हैं। जिलाधिकारी निखिल टीका राम फुंडे ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जांच कर आवश्यक कार्यवाई करें। उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव, यूपीसीडा के आरएम आशीषनाथ, राकेश कांत राय, डब्ल्यू राय, विवेक सिंह, राजेश सिंह, देव भट्टाचार्य, अजय राय, डीएस मिश्रा आदि रहे।
मानव देह मिलना बहुत ही दुर्लभ
रविवार को श्रीराणी सती दादी धाम रामकटोरा में श्रीमद्भागवत कथा चल रही है। भागवत कथा वाचक डॉ. संजय कृष्ण सलिल ने कहा कि मानव देह मिलना बहुत ही दुर्लभ है। चौरासी लाख योनियों के बाद यह प्राप्त होती है। हमें इसे प्राप्त करके प्रभु को प्रत्येक क्षण स्मरण करना चाहिए। यह शरीर केवल खाने-पीने के लिए नहीं मिला, यह सब क्रिया तो पशुओं में भी होती है परंतु उनमें विवेक नहीं होता। कथा में सुनील कुमार श्रीवास्तव, सुनीता श्रीवास्तव, अजीत कुमार, अंजू, पवन कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
वाद्य वृंद में 11 कलाकार देंगे प्रस्तुति
श्री ठाकुर राधा माधव लाल ट्रस्ट की ओर से सोमवार को भारतीय शास्त्रीय संगीत वाद्य वृंद का आयोजन होगा। ठठेरी बाजार स्थित शेर वाली कोठी में 30 दिसंबर शाम को वादन की चार विधाओं के 11 कलाकार एक साथ एक मंच पर प्रस्तुति देंगे।
आयोजक और ट्रस्ट अध्यक्ष शचि कुमार साह ने बताया कि श्रीधाम वृंदावन के आलोक कृष्ण गोस्वामी महाराज की सद्प्रेरणा से यह कार्यक्रम हो रहा है। इसमें वाद्य वृंद गुरु पं. सिद्धार्थ रॉय चौधरी के निर्देशन में सरोद पर सुप्रिया, पल्लवी नंदी, सुवनकर, महित मित्रा, सितार पर सिद्धार्थ, प्रबाहन सुर, सार्थक करमारकर, गिटार पर धनिष्ठा और तबले पर स्वर्णा करमारकर, अविक गोस्वामी प्रस्तुतियां देंगे।
महाराज अहिबरन को किया नमन
बरनवाल सेवा समिति, महिला समिति और नवयुवक संघ की ओर से बरनवाल समाज के आदि पुरुष महाराज अहिबरन की जयंती मनाई गई। इसके उपलक्ष्य में रविवार को नाटीइमली कान्यकुब्ज वैश्य सभा में लोगों ने उन्हें नमन किया। इसमें कई आयोजन और प्रतियोगिताएं हुईं।
शुभारंभ महापौर अशोक तिवारी और बरनवाल समाज राष्ट्रीय अध्यक्ष शशि भूषण बरनवाल सहित अन्य अतिथियों ने अहिबरन महाराज के चित्र के समीप दीप प्रज्ज्वलन किया। महापौर ने कहा कि अहिबरन महाराज ने जो ज्योति जलाई, उसे बरनवाल समाज के लोग आगे बढ़ा रहे हैं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों को अशोक तिवारी और शशिभूषण बरनवाल ने पुरस्कृत किया। विनोद कौशिक, नीलू बरनवाल, नवीन बरनवाल, अशोक बरनवाल, कीर्तन बरनवाल आदि मौजूद रहे।
कलाकारों ने पेश किया वाद्य वृंद
कोलकाता के बाल कलाकारों ने रविवार को सुबह- ए- बनारस के मंच पर वाद्य वृंद वादन किया। सितार एवं सरोद पर बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तबला संगति अविक गोस्वामी एवं स्वर्नाव कर्मकार की रही। वादन का आरंभ राग गुणकरी में निबद्ध रचना और समापन राग माला की प्रस्तुति से की। कलाकारों को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।
काशी के 51 विद्वान करेंगे शक्तिपीठ की यात्रा
सेंटर फाॅर सनातन रिसर्च एवं ट्राइडेंट सेवा समिति ट्रस्ट के बैनर तले 51 सदस्यीय दल पांच शक्ति पीठ की यात्रा पर जाएगा। इसमें विद्वान, संत समाज, धार्मिक शिक्षा एवं जागरूकता तथा समाज सेवी शामिल होंगे। यह दल 31 दिसंबर को नरिया (काशी) से पांच शक्तिपीठ की यात्रा पर निकलेगा।
यह दल अमरकंटक स्थित शोणाक्षी शक्ति पीठ, मां मैहर देवी (शारदा शक्तिपीठ), चित्रकूट में रामगिरी शक्तिपीठ, प्रयागराज के अलोपी देवी शक्ति पीठ और मिर्जापुर मां विंध्यवासिनी देवी धाम में दर्शन पूजन करेगा। दल में डॉ. चेतन, डॉ. माधवी तिवारी, डॉ. सच्चिदानंद, डॉ. ए.के पांडेय, अरुण केसरी रहेंगे।
स्वर्ण कला बोर्ड के गठन की मांग
ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज एसोसिशन की ओर से पराड़कर भवन में प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह का सम्मान किया गया। समारोह के बतौर मुख्य अतिथि पृथ्वी पाल सिंह ने प्रदेश सरकार से स्वर्ण कला बोर्ड के गठन की मांग की। इस दौरान सराफा कारोबारियों की सुरक्षा और उनके हितों की लड़ाई का आह्वान किया। कार्यक्रम में सत्यनारायण सेठ, सुरेश सेठ, दिलीप सोनी, सरिता सर्राफ, मुन्ना सोनी आदि रहे। संचालन एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अविनाश सेठ और अरविंद सेठ ने किया।
गंगा द्वार पर गूंजा सबका साथ हो, गंगा साफ हो
देश को एकता के सूत्र में बांधने वाली गंगा का तट रविवार को स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा के उद्घोष से गूंज उठा। एक घाट चलो चले मोदी के साथ... अभियान के तहत नमामि गंगे के स्वयंसेवी सदस्यों ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के साथ सदानीरा के निर्मलीकरण का संकल्प लिया। रविवार को हाथों में राष्ट्रध्वज और स्वच्छता स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर उपस्थित जनसमूह ने सभी से गंगा तट की स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। इस दौरान शौर्य जायसवाल, ऋषभ मिश्रा, प्रकाश गुप्ता, गायत्री मदमाले आदि रहे।
आनंद मेले में लगाए गए 50 स्टॉल
बंग दर्शन की ओर से तीन दिवसीय आनंद मेला ‘एकता और विविधता’ रविवार को कालीबाड़ी स्थित कूच विहार में शुरू हुआ। मेले में कपड़े, कश्मीरी शॉल, बनारसी साड़ी व खानपान सहित कुल 50 स्टाॅल थे।
आईआईटी बीएचयू निदेशक प्रो. अमित पात्रा, डॉ. केके पांडा और डॉ. अजय चौरसिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। कार्यक्रम में इंडियन आईडल कलाकार अंकुश चक्रवती भी प्रस्तुति देंगे।
महापुरुषों का उपहास, विनाश का कारण
जाल्हूपुर विशुनपुरा में भागवत कथा का रविवार को प्रवचन संपन्न हुआ। कथावाचक पं. संतोष मिश्रा ने कहा कि भागवत का अर्थ भाव से जुड़ा है। गृहस्थ आश्रम में रहकर सद्कर्मों को करते हुए सच्चे मन, वाणी कर्म से भगवान की भक्ति करने वाला प्राणी बैकुंठ पधारता है। साधु, संत, महात्माओं का सदैव आदर करना चाहिए, उनके बताए रास्ते पर चलकर सुखमय, आनंदमय और भक्तिमय जीवन बनाना चाहिए। पं. मिश्र ने कहा कि कभी महापुरुषों और ऋषियों का उपहास नहीं करना चाहिए।
आज जमाना हमारा, कल किसी और का होगा
महेशपुर के चोरवाबारी में माता रानी जमुनी माई का शृंगार और भंडारा हुआ। इस अवसर पर विराट बिरहा दंगल भी हुआ। इसमें बिरहा सम्राट विजय लाल यादव गाजीपुर और प्रीति पाल प्रयागराज के बीच मुकाबला हुआ। बिरहा सम्राट विजय लाल यादव ने गाकर बताया कि कल जमाना किसी और का था आज हमारा है, कल किसी और का होगा। पूर्व प्रधान विजय यादव, अनिल, दिलीप, सुभाष, आदि रहे।
जालंधर में जयंतिका ठुमरी गायिकी में रहीं अव्वल
पंजाब के जालंधर में आयोजित 149वें श्रीबाबा हरिवल्लभ संगीत समारोह की प्रतियोगिता में बनारस की बेटी उपशास्त्रीय गायिका जयंतिका दे ठुमरी गायिकी में अव्वल रहीं। बनारस घराने के प्रख्यात उपशास्त्रीय गायक देवाशीष दे की पुत्री जयंतिका के बचपन की शुरुआत ही संगीत की साधना से हुई। जालंधर में 23 से 25 दिसंबर तक चले संगीत समारोह में सीनियर वर्ग में शास्त्रीय व उपशास्त्रीय और जूनियर वर्ग में स्वर वाद्य प्रतियोगिता हुई।
सीनियर में उपशास्त्रीय (ठुमरी/दादरा/टप्पा) गायन में जयंतिका दे अव्वल रहीं। प्रतियोगिता में गायन की शुरुआत राग मंझ खमाज में बंदिशें सुनाकर की। अब वह अगले साल के समारोह में मुख्य मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगी। वह अमेरिका और स्पेन जैसे देशों में भी अपनी गायकी का जादू बिखेर चुकी हैं। जयंतिका चार साल की उम्र शास्त्रीय गायन सीख रही हैं।
बाबा सिद्धेश्वर का हुआ संगीतमय शृंगार
गोयनका संस्कृत महाविद्यालय अस्सी परिसर में बाबा सिद्धेश्वर महादेव का संगीतमय शृंगार रविवार को हुआ। दर्शन-पूजन के लिए भीड़ लगी रही। भक्ति संगीत रसवर्षा के बीच भंडारे में हजारों शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। बाबा की कर्पूरी आरती उतारी गई। सुबह आचार्य पं. शशि शेखर के आर्चायत्व में बाबा का पंचामृत स्नान हुआ। इसके बाद नैवेद्य अर्पित किया गया। महा रूद्राभिषेक अनुष्ठान हुआ।
विजेंद्र और शैलेंद्र ने सपत्नीक पूजन करवाया। 12 बजे बाबा के शृंगार के बाद भोग आरती उतारी। शाम तक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को सिद्धेश्वर संगीत महोत्सव आरंभ हुआ। डॉ. आनंद स्वरूप सिंह ने है गले भुजंग अंग भस्म शंकर अनुरागी..., अरविंद योग ने शिव नाम स्मरण हो..., व्यासजी मौर्य ने हे महादेव हे त्रिपुरारि... , डम डम डमरू बाजे... आदि सुनाया। डॉ. ऋतुराज कात्यायन ने राम का गुणगान करिए...आदि भजन सुनाया।
काशी के प्रसिद्ध पप्पू चाय की अड़ी संरक्षक विश्वनाथ सिंह पप्पू जी का अभिनंदन हुआ। स्वागत संयोजक दिनेश मिश्र ने किया। अशोक पांडेय, अनुराग शर्मा, राकेश यादव मौजूद आदि रहे।
छात्रों ने चंद्रयान थीम पर दी प्रस्तुति
फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के चाणक्य हाल में चिल्ड्रेंस एकेडमी ग्रुप ऑफ स्कूल्स का वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बालीवुड डांस, कव्वाली, मैथ में डब्बा गोल और चंद्रयान थीम, दुर्गा स्तुति ड्रामा, टी 20 वर्ल्डकप, कृष्णलीला और रामायण पर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के डीन प्रो. अंजली बाजपेयी और विशिष्ट अतिथि जितेन्द्र पांडे रहे। विद्यालय की सहनिदेशिका इंदू सिंह ने मुख्य और विशिष्ठ अतिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कमच्छा शाखा की प्रधानाचार्या रागिनी तिवारी ने विद्यालय की उपलब्धियों और उड़ान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक महिपाल दास गुप्ता, कमच्छा शाखा के सहनिदेशक आर्यन राठौर, सलारपुर शाखा के सहनिदेशक हर्षवर्धन राठौर, मल्लिक हाशमी, राधे कृष्ण गुप्ता मौजूद रहे।
डॉ. मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि
जायसवाल क्लब के संदहा स्थित कार्यालय में बैठक हुई। इस दौरान समाज के लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। संस्था के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश जायसवाल और नंदलाल जायसवाल आदि ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। कहा कि उनकी आर्थिक नीतियों ने देश को मजबूत किया। सभी स्वजातीय बंधुओं को एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि सभा में हीरालाल जायसवाल, डॉ. रवि जायसवाल, विकेश जायसवाल, रवि जायसवाल, अवधेश जायसवाल आदि रहे।
फोटोत्सव में शामिल हुए पूर्वांचल के 2400 फोटोग्राफर
बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में फोटोग्राफर्स एसोसिएशन की ओर से रविवार को दो दिवसीय फोटोत्सव-4 का आयोजन हुआ। इसमें 2400 फोटोग्राफर शामिल हुए। इस दौरान आने वाले दर्शकों के लिए कैमरा, प्रिंटर, क्रेन, ड्रोन, एलबम, सब लेमिनेशन, साॅफ्टवेयर फोटो गुड्स एवं मुफ्त कैमरा सर्विस के स्टाॅल लगाए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम कुमार नेमा, फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद्र वर्मा और ऑब्स्क्योर संयोजक प्रो. मनीष अरोड़ा ने फीता काटकर और दीप जलाकर किया।
अतिथियों ने सभी स्टाॅलों पर विजिट करने के साथ फोटोग्राफी से संबंधित सभी सामानों की तकनीकी जानकारी भी प्राप्त की। विजिटरों को फेयर में आने जाने के लिए सिंहद्वार से स्वतंत्रता भवन तक फ्री शटल बस सेवा की व्यवस्था की गई है।
फोटोत्सव में वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, गाजीपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, लखनऊ, सासाराम, डेहरी आन सोन से फोटोग्राफर्स शामिल हुए। आयोजन टीम के गणेश शर्मा ने बताया की फोटोत्सव दो दिन का है और समापन 30 दिसंबर को होगा। इस दौरान रुप श्रीवास्तव, मिथिलेश उपाध्याय, विभाष दूबे, अंश अनंत, दिव्य प्रकाश मौर्य, राजेश प्रजापति उपस्थित रहे।
महिलाओं और नई पीढ़ी को करें शिक्षित
अग्रसेन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से सारनाथ स्थित गोविंदकुंज में 25वां सम्मान और पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान समिति के अध्यक्ष सर्वेश अग्रवाल, सचिव संजीव अग्रवाल ने पदाधिकरियों के साथ बैठक की। जिसमें समाज उत्थान के लिए एक रुपया-एक ईंट के सिद्धांत पर कार्य करते हुए एकजुटता पर जोर देने की बात की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कोई भी समाज तभी आगे बढ़ता है, जब वहां महिलाओं और नई पीढ़ी को शिक्षित किया जाए। इस अवसर पर 11 मेधावी बच्चों को और समाजसेवा के क्षेत्र में किये गए कार्यों के लिए गणेश प्रसाद अग्रवाल, गोपाल दास अग्रवाल, अनंत अग्रवाल, शरद अग्रवाल और शिव कुमार अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
सपा से युवाओं को जोड़ने का अभियान चलाएं
सपा की उत्तरी विधानसभा क्षेत्र की मासिक बैठक रविवार को अर्दली बाजार स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता अशफाक अहमद ने की। उन्होंने संगठन को वार्ड और बूथ स्तर पर मजबूत बनाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी। साथ ही कहा कि अभियान चलाकर अति पिछड़े, दलित, गरीब, मजदूर, नौजवान और छात्रों को पार्टी से जोड़ा जाए। इस मौके पर अजय चौधरी, रामजी यादव, योगेंद्र यादव मौजूद रहे।
बीपीएड प्रवेश परीक्षा के परिणाम जारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 में बीपीएड पाठयक्रम में प्रवेश के लिए पहले जारी की गई प्रवेश परीक्षा परिणाम को विश्वविद्यालय प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। अब विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर संशोधित प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने इसका आदेश जारी करते हुए कहा कि संबंधित अभ्यर्थी सीधे प्रवेश परीक्षा पोर्टल से अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड का प्रयोग कर परिणाम देख सकते हैं।
नामांकन संख्या न मिलने से नहीं कर पा रहे आवेदन
काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 में दाखिला लेने वाले छात्र नामांकन संख्या मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इससे छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति /शुल्क प्रतिपूर्ति का फाॅर्म भी नहीं भर पा रहे हैं। विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन आवेदन की तिथि 31 दिसंबर तक निर्धारित है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर में दाखिले की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। विश्वविद्यालय की ओर से छात्रवृत्ति का फार्म भी भरवाया जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन में छात्रों को शैक्षणिक विवरण के साथ नामांकन संख्या भी भरनी होती है। विवि ने आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तय की है।
विद्यापीठ में 4 जनवरी तक होंगे रजिस्ट्रेशन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों में 2024-25 में यूजी, पीजी, व्यावसायिक, डिप्लोमा और अन्य पाठयक्रमों में प्रवेश के लिए विद्यार्थी चार जनवरी तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। विवि ने इसकी तिथि बढ़ा दी है। उप कुलसचिव परीक्षा की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि विश्वविद्यालय पोर्टल पर पहले 21 दिसंबर तक तिथि बढ़ाई गई थी। इसके बाद भी कई कॉलेजों ने रजिस्ट्रेशन का काम पूरा नहीं किया। इसी कारण चार जनवरी तक तिथि बढ़ा दी गई है।
आईआईटी-बीएचयू के 4 सेंटरों के नए प्रमुख
आईआईटी-बीएचयू में चार सेंटरों में नए प्रमुख बने हैं। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्याम कमल को टीचिंग एंड लर्निंग सेल का कोआॅर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। डॉ. हरि प्रभात गुप्ता को कंप्यूटिंग और इंफॉर्मेशन सर्विसेज सेंटर का हेड बनाया गया है। डॉ. कमल और डॉ. गुप्ता अगले साल 31 दिसंबर तक कोआर्डिनेटर होंगे।
प्रो. मेघांशु वशिष्ठ को गांधी टेक्नोलॉजी एलुमनी सेंटर और रविंद्रनाथ टैगोर अपार्टमेंट का कोआर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। ये एक जनवरी, 2025 से अगले दो साल तक इस पर पद बने रहेंगे। प्रो. प्रलय मैती को सेंट्रल इंस्ट्रूमेंटल फैसलिटी सेंटर के प्रोफेसर इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। प्रो. मैती भी एक जनवरी से अगले दो साल के लिए पीआई बने रहेंगे।
संशोधनों के साथ जारी होगी पीएचडी बुलेटिन
बीएचयू की पीएचडी बुलेटिन के अगले तीन-चार दिनों में जारी होने की संभावना है। इसमें कई संशोधन किए गए हैं। प्रवेश नियमों में हुए बदलावों को लेकर कुलपति की मंजूरी भी मिल गई है। नवनियुक्त परीक्षा नियंता प्रो. सुषमा घिल्डियाल के छुट्टी से वापस आते ही नोटिफिकेशन जारी हो सकता है। एनटीए की ओर से बीएचयू को दिया गया नेट क्वालिफाइड और जेआरएफ अभ्यर्थियों का डाटा भी तैयार किया गया है। ढाई महीने से बीएचयू में पीएचडी प्रवेश की तैयारी हो रही थी। इस बार नियमों और प्रक्रिया को लेकर असमंजस की स्थिति रही। कई संशोधन को जोड़ा गया है।
काशी के मंदिरों को डबल सोर्स से मिलेगी बिजली
काशी के मंदिरों में अब बिजली की निर्बाध आपूर्ति मिलती रहेगी। काशी विश्वनाथ मंदिर की तरह ही अन्य मंदिरों में डबल सोर्स यानी दो अलग-अलग फीडर से आपूर्ति करने की तैयारी है। संकट मोचन मंदिर, काल भैरव मंदिर, दुर्गाकुंड सहित अन्य मंदिरों में काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर ही आपूर्ति देने की योजना बिजली निगम की ओर से बनाई जा रही है।
मंदिर की आपूर्ति करने वाले फीडर में किसी तरह की तकनीकी खराबी पर मंदिरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। पिछले दिनों काशी विश्वनाथ धाम में आपूर्ति देने वाले फीडर में समस्या आने से यहां आरती के समय बिजली कट गई थी। इसके बाद बिजली निगम ने यहां आपूर्ति के लिए दो अलग-अलग फीडर से आपूर्ति का काम शुरू हो गया है।
अब इसी तरह संकट मोचन मंदिर, काल भैरव सहित अन्य मंदिरों को डबल सोर्स से बिजली देने की योजना बिजली निगम बना रहा है। मुख्य अभियंता संदीप बंसल ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर ही अन्य मंदिरों को निर्बाध बिजली देने की दिशा में योजना तैयार करवाई जा रही है। योजना की स्वीकृति के बाद डबल सोर्स से बिजली आपूर्ति का काम भी शुरू करवाया जाएगा।
लालपुर क्षेत्र में तीन घंटे कटी रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पांडेयपुर-आजमगढ़ रिंग रोड पर सड़क चौड़ीकरण की वजह से पेड़ की कटाई और बिजली के खंभे की शिफ्टिंग का काम सोमवार को कराया जाएगा। इसकी वजह से दोपहर 12 से 3 बजे तक लालपुर फीडर से बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता नगरीय विद्युत निर्माण खंड द्वितीय खंड की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस दौरान 11 केवी लालपुर फीडर से जुड़े राय साहब के बागीचे के आसपास क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
सात कैंप में वसूला 2.49 लाख गृहकर
भेलूपुर जोन के सात जगहों पर रविवार को नगर निगम की ओर से गृहकर वसूली कैंप लगाया गया। कर अधीक्षक मुन्नालाल के नेतृत्व में लगे कैंप में कुल 2.49 लाख रुपये गृहकर वसूली की गई। इस दौरान कुल 78 रसीदें काटी गईं। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर गृहकर वसूली तेज की गई।
तीन दिन बंद रहेंगी दवा की थोक दुकानें
जिले में सभी थोक दवा की दुकानें सोमवार से बुधवार तक बंद रहेंगी। हालांकि फुटकर दुकानों पर सामान्य दिनों की तरह दवाएं मिलती रहेंगी। दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह ने बताया कि समिति के नियमानुसार शीतकालीन अवकाश के क्रम में 30-31 दिसंबर और 01 जनवरी को भी दवा की दुकानें बंद रहेंगी।
4-5 जनवरी को सांसद रोजगार मेला
4 और 5 जनवरी को राजकीय आईटीआई करौंदी में काशी सांसद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर की 300 से कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसमें एचडीएफसी, पीएनबी, एसबीआई बैंकों के साथ ही उप्र परिवहन निगम समेत कई दिग्गज कंपनियां हिस्सा लेंगी। यहां 180000 रुपये से लेकर 600000 तक के वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति की जाएगी।
कैंट के दूसरे द्वार पर खुलेगा कोच रेस्टोरेंट
एनएसजी-वन कैटेगरी में शामिल कैंट रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर भी नया कोच रेस्टोरेंट खुलेगा। इस समय में प्रथम प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया में कोच रेस्टोरेंट संचालित हो रहा है। इस तरह वाराणसी में दो कोच रेस्टोरेंट वाला इकलौता कैंट स्टेशन होगा। अभी तक बनारस और काशी रेलवे स्टेशन पर एक-एक कोच रेस्टोरेंट संचालित हो रहे हैं।