मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाने में तैनात छह आरक्षियों व मुख्य आरक्षी को एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने गैर जनपद स्थानांतरित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी कर अविलंब कार्यमुक्त होकर तैनाती वाले जिले में पहुंचने का निर्देश दिया है। एक ही थाने के छह पुलिसकर्मियों का गैर जनपद स्थानांतरण होने पर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। एडीजी ने एक सप्ताह पहले अहरौरा थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों की किसी मामले में संलिप्तता होने पर कार्रवाई करते हुए गैर जनपद स्थानांतरित कर दिया।
मुख्य न्यायाधीश ने किए मां विंध्यवासिनी के दर्शन
इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने रविवार को मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए। मुख्य न्यायाधीश रविवार को अपराह्न करीब 4:30 बजे विंध्याचल पहुंचे। यहां पुरानी वीआईपी मार्ग पर जिलाधिकारी और अन्य लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। गेट नंबर एक से होते हुए वे मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे और मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए। मंदिर परिसर में विराजमान सभी देवी- देवताओं के विग्रहों को स्पर्श कर वे बाहर निकले। इस दौरान जिला जज अरविंद मिश्रा द्वितीय, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर आदि मौजूद रहे।
दबंगों के डर से विद्यालय जाने से किया इनकार
जौनपुर जिले के जलालपुर थानाक्षेत्र के ऊदपुर हरिपुर गांव की महिलाओं और बच्चों ने दबंगों के डर से घर से बाहर निकलने में असुरक्षा जाहिर की है। गांव की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल शर्मा से अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। कहा कि गांव के दबंग पांच युवक लगातार लड़कियों और बच्चों को परेशान कर रहे हैं। लड़कियों ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया है। इस मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मिर्जापुर जिले में बिजली कनेक्शन को लेकर महिला उपभोक्ता से पैसा लेने व फर्जी कागजात दिए जाने के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने विद्युत निगम के वरिष्ठ लिपिक, अवर अभियंता, एसडीओ और जेएमटी पर परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। इस संबंध में विपक्षियों को नोटिस जारी कर मामले की सुनवाई के लिए नौ जनवरी 2025 की तिथि निर्धारित की गई है। नगर के पुरानी दशमी निवासी डेल्लो देवी पत्नी रामजी ने आरोप लगाया कि उनके विजली कनेक्शन पर बिल कई महीने से गलत आ रहा है।
चाकूबाजी में तीन भाई और मां जख्मी
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर गांव में गाड़ी खड़ी करने के मामूली विवाद में हुई चाकूबाजी में तीन भाई और मां सहित चार लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच इसके पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जीयनपुर के अशरफपुर गांव निवासी मो. वाजिद ने कोतवाली में तहरीर दी है।
सपा को चखाएंगे हार का स्वाद : ओम प्रकाश
आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के गांधी इंटर कॉलेज कौड़िया में रविवार को महिला जागरूकता महासम्मेलन का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि पंचायती राज्य मंत्री ओमप्रकाश राजभर रहे। उन्होंने कहा कि लोग आजमगढ़ को सपा का गढ़ कहते हैं। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि आगामी विस चुनाव में हम सपा को हार का स्वाद चखाने का काम करेंगे। राष्ट्रीय महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष राधिका पटेल ने कहा कि महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। इस मौके पर विनोद राजभर, कुलदीप राजभर आदि रहे।
सोनभद्र जिले की कोतवाली क्षेत्र के झारीखुर्द गांव में रेलवे गेट के किनारे शनिवार की रात 35 फीट गहरी खाई में डीजल लदा टैंकर पलट गया। इसके चलते चालक केबिन में फंस गया। गैस कटर से टैंकर का केबिन काटकर चालक को करीव 18 घंटे बाद निकाला गया। सीएचसी दुद्धी में चालक का प्राथमिक उपचार करने के वाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। शनिवार की रात करीब आठ बजे दुद्धी से आश्रम की ओर डीजल भरा टैंकर जा रहा था। झारोखुर्द के पास रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय टैंकर अनियंत्रित हो गया।
हादसे में मासूम बच्ची की मौत
चंदौली जिले के बथावर गांव के पास रविवार की शाम सकलडीहा अलीनगर मार्ग पर ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें ऑटो सवार छह वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। बलुआ थाना क्षेत्र के नौदर गांव निवासी फैयाज अहमद की पत्नी सलमा बानो (40) अपने पुत्र जलाउद्दीन (22), पुत्री नरगिस (20) और छह वर्षीय पुत्री अतिबा के साथ पड़ाव के रिश्तेदारी में जा रही थी।
आयरन की गोली जलाने का वीडियो वायरल
सोनभद्र जिले में शिक्षा क्षेत्र म्योरपुर अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय बीजपुर में एक सप्ताह पहले बच्चों के लिए आई आयरन की गोलियों को जलाने का वीडियो वायरल हो रहा है। विद्यालय के शिक्षक अवकाश होने के बाद भी रविवार को दवा जलाए जाने की जगह की सफाई करते देखे गए। इस मामले को लेकर अध्यापकों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
टूटी डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा, आक्रोश
आजमगढ़ जिले के मेंहनगर स्थानीय थाना क्षेत्र के अछयबर नगर चौराहे पर लगे डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रविवार अलसुबह अनियंत्रित ट्रक के धक्के से टूट गई। इससे प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। प्रतिमा टूटने से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। सूचना मिलने के बाद एसडीएम मेंहनगर और थाना प्रभारी पहुंचे और नई प्रतिमा लगाने का आश्वासन दिया।