पूर्बांचल विवि नेपाल के कुलपति ने बीएचयू के वीसी से की मुलाकात।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय और नेपाल स्थित पूर्बांचल विश्वविद्यालय के छात्र मिलकर शोध और शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे। प्रौद्योगिकी, विज्ञान के साथ आधुनिक चिकित्सा प्रबंधन और कृषि सहित दूसरे क्षेत्रों में दोनों ही विश्वविद्यालय मिलकर काम करेंगे। इस संबंध में जल्द ही दोनों विश्वविद्यालयों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर होगा। इस सिलसिले से सोमवार को पूर्बांचल विश्वविद्यालय नेपाल के कुलपति प्रो. घनश्याम दास ने बीएचयू कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान दोनों ही विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने शैक्षणिक व शोध संबंधी सहमति की संभावनाओं पर चर्चा की। पूर्बांचल विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि बीएचयू चिकित्सा, विज्ञान, तकनीकी के साथ कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। इस लिहाज से वो इन क्षेत्रों में बीएचयू के साथ समझौता करना चाहते हैं। उन्होंने इस शैक्षणिक संबंध को आगे बढ़ाने व एमओयू पर हस्ताक्षर करने के लिए बीएचयू कुलपति को आमंत्रित किया है।
प्रतिनिधिमंडल में प्रो. शुभनारायण पाठक, प्रो. खगेंद्र आचार्य, डॉ. सिद्धार्थ कोईराला, राजकुमार ठाकुर, राजेश कुमार झा शामिल रहे। वहीं बीएचयू से इंटरनेशनल सेंटर के चेयरमैन प्रो. एचबी श्रीवास्तव, समन्वयक प्रो. एपी सिंह, कुलसचिव डॉ. केपी उपाध्याय, वित्त अधिकारी अभय कुमार ठाकुर, यूनेस्को चेयर के प्रो. प्रियंकर उपाध्याय सहित विभिन्न संस्थानों के निदेशक संकाय प्रमुख मौजूद रहे।