काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शताब्दी दीक्षांत समारोह में तीन मेधावियों को चांसलर अवार्ड दिया जाएगा। वार्षिक परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर स्नातकोत्तर के दो और स्नातक के एक मेधावी ने चांसलर अवार्ड पर कब्जा जमाया है। इनके अलावा 33 मेधावियों को स्वर्ण पदक मिलेंगे।
इनमें 19 पदक छात्राओं के खाते में गए हैं। 22 फरवरी को होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन मेधावियों को सम्मानित करेंगे। स्नातकोत्तर स्तर पर चांसलर अवार्ड आचार्य के दो छात्रों श्रीकांत मिश्रा और धीरज कुमार पांडेय को दिया जाएगा।
ये दोनों संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के छात्र हैं। वहीं, स्नातक स्तर पर बीएससी (आनर्स) कंप्यूटर साइंस की छात्रा प्रशस्ति सिंह को चांसलर अवार्ड मिलेगा। इन तीनों के नाम स्वर्ण पदक पाने वाले 33 मेधावियों की सूची में भी हैं। इतना ही नहीं, तीनों विद्यार्थियों को स्वर्गीय महाराजा विभूति नारायण सिंह गोल्ड मेडल से भी नवाजा जाएगा। अर्थात तीनों के गले में तीन-तीन मेडल दमकेंगे।
वहीं, स्वर्ण पदक की सूची में इस बार भी छात्राओं ने बाजी मारी है। 33 में से 19 पदक छात्राओं को मिलेंगे। मालूम हो कि पिछले साल भी संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के छात्र और विज्ञान संस्थान की छात्रा को चांसलर मेडल मिला था।