बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में पिछले महीने छात्रों के विरोध प्रदर्शन से चर्चा में आए कुलपति गिरीश चंद्र त्रिपाठी सोमवार से लंबी छुट्टी पर चले गए हैं। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने जानकारी दी कि आवेदन में उन्होंने अवकाश का कारण व्यक्तिगत बताया है।
बीएचयू के मुताबिक, 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे त्रिपाठी ने अनिश्चितकालीन अवकाश ले लिया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के शीर्ष सूत्रों का कहना है कि छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर त्रिपाठी ने जिस तरह की कार्रवाई की, उससे केंद्र सरकार खफा थी।
पढ़ें:- BHU में बवाल: खुफिया इकाइयों ने सौंपी रिपोर्ट, पढ़िए पूरी कहानी
प्रो. त्रिपाठी ने अपनी छुट्टी पर जाने का आवेदन रजिस्ट्रार प्रो. नीरज त्रिपाठी को सौंपा है। कुलपति के छुट्टी पर जाने के चलते फिलहाल रजिस्ट्रार प्रो. नीरज त्रिपाठी ही कुलपति का कार्यभार संभालेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुलपति त्रिपाठी दशहरे की छुट्टी के चलते शनिवार से कैंपस से बाहर थे। हालांकि मंगलवार को दिनभर उनके दिल्ली के दौरे की अटकलें लगती रहीं। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई कि वह यहां पहुंचे थे या नहीं।