आईएमएस बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में किस यूनिट में कितना बेड खाली है, कितने पर मरीज भर्ती हैं। अब इसकी जानकारी एक क्लिक पर घर बैठे मिल जाएगी। इस तरह की सभी जानकारी ट्रॉमा सेंटर की वेबसाइट https://traumacentrebhu.com/#/bed-availability पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा परिसर में जगह-जगह क्यूआर कोड भी लगवाया गया है, जिसको स्कैन कर पूरी जानकारी ली जा सकेगी। इससे मरीजों, तीमारदारों को बेड के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके अलावा विभागवार डॉक्टरों के नाम, उनकी उपलब्धता, मिलने वाली सुविधाओं के लिए भी भागदौड़ नहीं करनी होगी।
ट्रॉमा सेंटर में वाराणसी सहित पूर्वांचल के अन्य जिलों, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश आदि जगहों से सड़क एक्सीडेंट सहित अन्य घटनाओं में घायल मरीज आते हैं। यहां कुल 354 बेड पर इलाज की सुविधा है। आम तौर पर इमरजेंसी से लेकर आईसीयू और वार्ड में बेड खाली होने की सही जानकारी न मिलने पर दूर दराज से आने वाले मरीजों और तीमारदारों को भटकना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें; काशी में सांसद अवधेश: भाजपा पर जमकर साधा निशाना, बोले- मिल्कीपुर उपचुनाव में वोट चोरी नहीं बल्कि डकैती हुई थी
ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह ने बताया कि अब वेबसाइट पर एक ही जगह डॉक्टरों के नाम, विभाग से जुड़ी जानकारी के साथ ही बेडों की उपलब्धता के साथ ही मरीजों, तीमारदारों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी 22 बिंदुओं में हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में उपलब्ध है। वेबसाइट पर इमरजेंसी सहित कई नंबर दिए गए हैं, इसके माध्यम से जानकारी ली जा सकती है। इसमें ओपीडी के शेडयूल की भी जानकारी भी रहेगी।