सीसीयू वार्ड में लगा ताला।
- फोटो : संवाद
बीएचयू एसएसबी में पांचवें तल पर बने 17 बेड वाले सीसीयू वार्ड में अकेले ड्यूटी कर रहे नर्सिंग अफसर खेम सिंह सैनी की 15 सितंबर की भोर में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद से ही यहां ताला बंद पड़ा है। बीएचयू अस्पताल प्रशासन की ओर से यहां किसी नर्सिंग अफसर की तैनाती अब तक नहीं की गई। इस वजह से सीसीयू वार्ड को बंद कर दिया गया है।
नर्सिंग अफसर की तैनाती न होने की वजह से सीसीयू वार्ड में ताला बंद है। हृदय रोग विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. ओमशंकर ने 19 सितंबर को कुलपति को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराया है। प्रो. ओमशंकर ने कुलपति को पत्र के माध्यम से बताया है कि नर्सिंग स्टाफ के न होने से मरीज एसएसबी में नहीं भर्ती हो पा रहे हैं। चक्कर काटकर अस्पताल में भर्ती होने के लिए जा रहे हैं।
हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारी की सर्जरी के बाद उन्हें इस तरह से चक्कर काटना पड़ रहा है। इससे उनकी सेहत का खतरा बना हुआ है। पत्र की कॉपी उन्होंने आईएमएस बीएचयू निदेशक और अस्पताल के एमएस को भी दी है। इसके बाद भी अब तक कुछ नहीं किया गया। उधर, नर्सिंग अफसरों ने भी आईएमएस निदेशक को इस बाबत पत्र लिखा है।
क्या बोले अधिकारी
हृदय रोग के मरीजों को भर्ती करने के लिए ही सीसीयू वार्ड बनवाया गया है। यहां ताला क्यों बंद हैं और मरीजों को अस्पताल तक क्यों जाना पड़ रहा है, इस मामले में विभागाध्यक्ष से बातचीत कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। - प्रो. एसएन संखवार, निदेशक, आईएमएस बीएचयू