डॉ. ओमशंकर बोले- जबरन सुपर स्पेशियलिटी भेजे गए मरीज
कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. ओमशंकर का कहना है कि उनके मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी की ओपीडी में जबरन भेजा गया। ऐसा तब हुआ जब पहले ही सुपर स्पेशियलिटी में मरीजों को न देखने की जानकारी अस्पताल प्रशासन को दी जा चुकी थी। लिहाजा सुबह सर सुंदरलाल अस्पताल में कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी कमरा नंबर 103 में पहुंचे तो वहां ताला बंद था। बहुत कहने के बाद किसी तरह ताला खुला तो मरीजों को देखा गया।
उन्होंने बताया कि जो मरीज कमरा नंबर 103 में आए थे, उनका पर्चा और कुछ मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी ले जाया गया। वहां किसने मरीजों को देखा पता नहीं। कुछ देर बाद 103 नंबर की ओपीडी का ताला खुला तो मरीजों को देखा। बताया कि वह सुपर स्पेशियलिटी की ओपीडी में मरीजों को देखने नहीं जाएंगे। जरूरत पड़ी तो इसकी लिखित शिकायत भी करेंगे।
टपकने लगी छत, भीग गया सामान
सुपर स्पेशियलिटी कांपलेक्स की ओपीडी की छत टपकने लगी। यहां कुछ मरीजों के परिजन अपना सामान रखकर डॉक्टर को दिखाने का इंतजार कर रहे थे, उनका सामान भी भीग गया। देखते-देखते ओपीडी हाल में पानी फैल गया। कर्मचारियों ने इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी, जिसके बाद यहां काम करने वालों ने फाल सीलिंग को खोलकर उसे सही किया।
चंदौली रामसेवक ने बताया कि सुबह सात बजे से ही आ गए थे। पर्चा कटाकर उसे गैस्ट्रोलॉजी में जमा तो कर दिया लेकिन 9 बजे ओपीडी शुरू होने के तीन घंटे बाद भी चिकित्सक ने नहीं देखा। बाबतपुर के मदनलाल का कहना है कि यह सोचकर पहले आ गए थे कि जल्द से जल्द डॉक्टर को दिखाकर घर चले जाएंगे लेकिन यहां आने के बाद तो लाइन में लगे-लगे समय बीत गया। कोई सुनने वाला नहीं है।