राष्ट्रीय हैंडलूम हैकाथॉन 2026 की ‘सस्टेनेबिलिटी एंड एनवायरनमेंटल इंपैक्ट’ श्रेणी में बीएचयू के छात्रों की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया है। टीम ने इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
बीएचयू दृश्य कला संकाय के चित्रकला विभाग में टेक्सटाइल डिजाइन की टीम ने राष्ट्रीय हैंडलूम हैकाथॉन 2026 की ‘सस्टेनेबिलिटी एंड एनवायरनमेंटल इंपैक्ट’ श्रेणी में अपनी टीम के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। शोध छात्र असीम मंडल के नेतृत्व में टीम ने पुरस्कार पाकर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है।
विज्ञापन
वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त हथकरघा की पहल पर राष्ट्रीय हैंडलूम हैकाथॉन 2026 का आयोजन एक अगस्त को आईआईटी दिल्ली आरएंडडी पार्क में किया गया था। तीन चरणों में आयोजित इस हैकाथॉन में देश से करीब ढाई हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
पहले चरण में टीम के नवाचार-आधारित विचार को विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष 100 प्रविष्टियों में चयनित किया गया। इसके बाद टीम को दूसरे चरण के लिए दिल्ली आमंत्रित किया गया। यहां विचार के प्रस्तुतिकरण के बाद टीम का चयन शीर्ष 40 टीमों में हुआ।
विज्ञापन
शोध छात्र असीम के अनुसार अंतिम चरण में चयनित टीमों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और मेंटरशिप प्रदान की गई। टीम ने निर्णायक मंडल के समक्ष अपने अंतिम विचार का प्रस्तुतिकरण किया और ‘सस्टेनेबिलिटी एंड एनवायरनमेंटल इम्पैक्ट’ श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
टीम में असीम मंडल के साथ कृति मिश्रा, अभिदीप्श प्रशांत सागर रहे, जो बीएचयू के ही विधि संकाय के छात्र हैं। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर टीम को पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।