फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीएचयू बवाल: दूसरे दिन कैंपस में तनावपूर्ण शांति, छात्रों ने बंद कराईं कक्षाएं

Thu, 13 Sep 2018 11:33 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
मैत्री चौराहे पर धरने पर बैठे छात्र - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विज्ञापन
बीएचयू परिसर में बुधवार को हुए बवाल के बाद दूसरे दिन यानी गुरुवार को तनावर्पूण शांति है। अय्यर और बिड़ला दोनों छात्रावासों के छात्र गुरुवार सुबह से धरने पर बैठ गए। छात्रों ने विज्ञान और कला संकायों में जाकर कक्षाएं बंद कराईं और क्लास सस्पेंड रहने के पर्चे चस्पा किए। बुधवार से धरने पर बैठे अय्यर हॉस्टल के छात्रों ने सभी मांगे माने जाने के आश्वासन पर तीस घंटे बाद धरना समाप्त किया।  सुरक्षा के लिहाज से परिसर में प्रमुख जगहों पर पुलिस-पीएसी के जवान तैनात हैं। 

अय्यर हॉस्टल के मेस में बुधवार को बाहरी छात्रों के नाश्ता करने पर हुई कहा सुनी ने हिंसक रूप ले लिया था। हॉकी-डंडों से लेस 50 से ज्यादा बाहरी छात्रों ने आकर हॉस्टल में तोड़फोड़ और मारपीट की थी। उपद्रवियों पर कार्रवाई और नुकसान की भरपायई की मांग को लेकर अय्यर हॉस्टल के बुधवार सुबह दस बजे से ही धरने पर बैठ गये थे।
विज्ञापन


कुलपति और कुलसचिव रात डेढ़ बजे तक छात्रों को मनाने का प्रयास करते रहे थे। गुरुवार सुबह 9 बजे अय्यर हॉस्टल के पास धरने पर बैठे छात्र विज्ञान संस्थान पहुंचे और सभी विभागों में चल रहीं कक्षाओं को बंद करा दिया। साथ ही विभागों के चैनल गेट बंदकर क्लास सस्पेंड रहने के पर्चे चस्पा कर दिए।

उधर, बुधवार की घटना में साथियों पर मुकदमा दर्ज होने और कुछ को हिरासत में लेने से नाराज बिड़ला हॉस्टल के छात्र करीब 11:30 बजे कला संकाय पहुंचे और यहां चल रहीं कक्षाओं को बंद कराया। यहां संकाय गेट बंद कर दिया गया और छात्र मैत्री भवन चौराहे के पास धरने पर बैठ गए। 

दो जगह का धरना खत्म कराने में छूटा पसीना

धरना खत्म कराने में विश्वविद्यालय और पुलिस प्रशासन को पसीना छूट गया - फोटो : amar ujala
एक साथ दो जगह चल रहा धरना खत्म कराने में विश्वविद्यालय और पुलिस प्रशासन को पसीना छूट गया। करीब घंटे भर तक कुलपति आवास पर कुलपति प्रो. राकेश भटनागर के साथ चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह, एसपी सिटी, एडीएम सिटी ने पहले बातचीत की, उसके बाद अधिकारी बाहर आए तो धरना खत्म कराने निकले। अय्यर छात्रावास के पास चल रहा धरना खत्म कराने विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. नवीन कुमार सिंह भी पहुंचे। सख्ती बरतने की चेतावनी भी दी गई। 

एक तरफा कार्रवाई का आरोप
बिड़ला हॉस्टल के छात्रों का आरोप है कि मामले में एक तरफा कार्रवाई की गई है। बुधवार को अय्यर छात्रावास के छात्रों ने भी मारपीट की थी। उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। शाम चार बजे किसी तरह प्रॉक्टोरियल बोर्ड के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।

इसके पहले एसपी सिटी, एडीएम सिटी ने अय्यर छात्रावास पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन से बातचीत कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिलाया, इसके बाद जाकर तीस घंटे से चल रहा धरना खत्म हो गया। इसके बाद भी एसपी सिटी माहौल पर नजर रख रहे हैं। रुइया चौराहा, अय्यर हॉस्टल और बिड़ला चौराहे के पास पुलिस-पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। 


भारी भरकम खर्च, नतीजा शून्य
विश्वविद्यालय परिसर में छह माह में उपद्रव की छह से ज्यादा घटनाएं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। परिसर में एक हजार से ज्यादा सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। आंतरिक खुफिया एजेंसी भी लगाई गई है। करीब साढ़े 9 करोड़ सालाना का सुरक्षा बजट है। इसके बावजूद उपद्रव की घटनाएं नहीं रुक रहीं। 
 

अनुशासनात्मक कमेटी और स्टैंडिग कमेटी ने शुरू की पड़ताल

- फोटो : amar ujala
बीएचयू परिसर में बुधवार को हुए उपद्रव की जांच शुरू कर दी गई है। संकाय स्तर पर अनुशासनात्मक कमेटी और संस्थान स्तर पर स्टैडिंग कमेटी मामले की जांच कर रही हैं। 
चीफ प्रॉक्टर प्रो. रोयाना सिंह ने गुरुवार को बताया कि दोषी पाये जाने वालों पर जीरो टालरेंस रहेगी और कार्रवाई होगी। सीसीटीवी फुटेज और जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों की पहचान की जाएगी। दोनों संकायों के छात्रों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है।

इसमें दोनों तरफ से 35-40 छात्रों के शामिल होने की बात सामने आई है। जहां तक अय्यर हॉस्टल के छात्रों की ओर से मुआवजा दिलाने की बात है तो विश्वविद्यालय प्रशासन पहले इश्योरेंस दिलाने में सहयोग करेगा, अगर रिकवरी करने की जरूरत पड़ी तो तोड़फोड़ करने वालों से ही इसे वसूला जाएगा।

छात्राें की ओर से तोड़फोड़ की घटना के दौरान एक घंटे की देरी से प्राक्टोरियल बोर्ड के पहुंचने पर चीफ प्रॉक्टर ने कहा कि सुबह 8:30 बजे हर दिन ड्यूटी चेंज होती हैं, इस वजह से पंद्रह मिनट देर से बोर्ड के सदस्य पहुंचे। 
 
विज्ञापन

इस साल हुए अब तक के बड़े बवाल

पथराव के बाद का द्रश्य - फोटो : amar ujala

23 अप्रैल: विज्ञान संस्थान निदेशक कार्यालय के पास रास्ता जाम, आगजनी
26 अप्रैल:छात्र परिषद चौराहे पर शास्त्री छात्र की पिटाई
27 अप्रैल: सामुदायिक भवन के पास बारात में तोड़फोड़, आगजनी
01 मई : सेमेस्टर परीक्षा का प्रवेश पत्र न मिलने के विरोध में रास्ता जाम
05 मई : हिंदी विभाग के पास दिनदहाडे़ चाकूबाजी, छात्र घायल
08 मई : एलबीएस और बिरला हॉस्टल के छात्रों में पथराव, आगजनी।
02 सितंबर : श्रीकृष्ण जनमाष्टमी उत्सव के दिन राजाराम हॉस्टल के छात्र की पिटाई
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें