बांह पर काली पट्टी बांध छात्र-छात्राओं ने जताया विरोध
- फोटो : अमर उजाला
इससे पहले बीएचयू में छात्रों के निलंबन, फीस वृद्धि समेत अन्य मुद्दों को लेकर बीएचयू बचाओ संघर्ष समिति की तरफ से विभागों और संकायों में पर्चे बांटे गए थे। समिति की तरफ से बुधवार को काला दिवस मनाने की जानकारी दी गई थी। पर्चे में बीएचयू के हालिया मुद्दों से संबंधित कई सवाल प्रशासन से पूछे गए हैं।
छात्रों ने कहा कि बीएचयू प्रशासन की ओर से जब तक निलंबन वापस लेने के साथ ही अन्य मांगें नहीं मान ली जाती है तब तक विरोध जारी रहेगा। यदि मांगे नहीं मानी गई तो इसके बाद बड़े आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
बीएचयू में हिंदी विभाग के शोध छात्र मृत्युंजय तिवारी समेत तीन छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने 14 दिन के लिए निलंबित किया है। छात्रों पर यह कार्रवाई 21 जुलाई को अस्पताल परिसर में चलने वाले उमंग फार्मेसी से जुड़ी शिकायत के लिए ज्ञापन देने जाने के दौरान वीसी आफिस के चैनल गेट पर प्रदर्शन करने के मामले में हुई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 12 दिसंबर को निलंबन आदेश भी जारी किया गया है। इसमें मृत्युंजय तिवारी के अलावा पालि और बौद्ध दर्शन में शोध छात्र वैभव कुमार तिवारी, अर्थशास्त्र विभाग के छात्र आशीर्वाद दूबे का नाम शामिल है।