बीएचयू कैंपस बुधवार को भी कुलपति विरोधी नारों से गूंजता रहा। साथी छात्र के निष्कासन की सूचना से आंदोलित छात्रों ने पांच घंटे तक कुलपति आवास के बाहर धरना दिया, नारेबाजी की और अनशन की चेतावनी दी। छात्रों की मांग थी कि विश्वविद्यालय प्रशासन निष्कासित छात्र का नाम और निष्कासन का कारण सार्वजनिक करे। अपनी मांग को लेकर कुलपति से मिलने जा रहे छात्रों को पुलिसकर्मियों ने रोका तो छात्रों से उनकी नोकझोंक भी हुई। हंगामा कर रहे छात्रों को कुलपति की शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया गया। जिन 11 छात्रों की गिरफ्तारी हुई उनमें प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह का बेटा राहुल राज भी शामिल है।
मालूम हो कि जब एलडी गेस्ट हाउस के बाहर छात्र धरना दे रहे थे, उसी वक्त गेस्ट हाउस में केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री संतोष गंगवार शहर के बुनकरों और हस्तशिल्पियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस बैठक में कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी भी मौजूद थे। बैठक खत्म होने के बाद जैसे ही वीसी बाहर निकले, छात्र उनसे मिलने के लिए दौड़े। पुलिस वालों ने रोका तो नोकझोंक हो गई। बाद में वीसी की शिकायत पर पुलिस ने हंगामा कर रहे छात्रों राहुल राज, रिपुदमन सिंह, राकेश उपाध्याय, हर्षित सिंह, अनीस सिंह, रामप्रकाश यादव, आलोक राय, सौरभ राय, यज्ञ राय, अंबुज राय, दिव्यांश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, छात्रों की गिरफ्तारी के विरोध में शाम को बीएचयू छात्रों ने काशी विश्वनाथ मंदिर के सामने छात्रों ने कुलपति का पुतला फूंका।