सर्व विद्या की राजधानी काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) गुरुवार शाम हुए बवाल के बाद शुक्रवार सुबह से तनावपूर्ण शांति रही। परिसर में जगह-जगह पुलिस और बीएचयू सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। मारपीट में घायल बिड़ला छात्रावास में रहने वाले फिजिकल एजुकेशन के छात्र रोहित सिंह की तहरीर पर 8 नामजद और कई अज्ञात छात्रों के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीपीएड छात्रों का आरोप है कि सुबह व शाम ग्राउंड पर अभ्यास को जाते हैं तो मैदान में बिरला ए के छात्र गांजा और शराब का सेवन करते रहते हैं, विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। इसी का रोहित ने विरोध किया तो बिरल ए के छात्रों ने जमकर मारा पीटा, इसके साथ ही विभाग और प्रोफेसर को भी अपशब्द कहे।
इंस्पेक्टर लंका वेदप्रकाश राय ने बताया कि रोहित की शिकायत पर बिड़ला ए छात्रावास के दुर्गेश चौधरी, गिरीश, राजशेखर, रवि यादव, रवि गुप्ता, अमन राय, उत्तम कुमार, हिमांशु पांडेय सहित अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।