बीएचयू में विधि संकाय के छह छात्रों को रैगिंग के आरोप में निलंबित कर दिया गया। बीए एलएलबी तृतीय वर्ष के एक छात्र ने एंटी रैगिंग सेल के चेयरमैन को लिखे पत्र में अपने ही संकाय के बीए एलएलबी चतुर्थ वर्ष के छह छात्रों पर संकाय के कॉमन हाल में ले जाकर मारपीट करने की शिकायत की थी।
इसके बाद सेल के चेयरमैन ने 19 सितंबर को छात्र के शिकायती पत्र को संकाय प्रमुख को भेज दिया था। गुरुवार को विभागाध्यक्ष व संकायाध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रैगिंग के आरोप में छह छात्रों को निलंबित करते हुए कक्षा में प्रवेश से रोकने के साथ ही विश्वविद्यालय की सभी सुविधाओं से वंचित कर दिया है। इसमें एक पूर्व छात्र भी शामिल हैं।
इसके अलावा चाणक्य हॉस्टल में रहने वाले दो छात्रों को हॉस्टल की सुविधाओं से भी वंचित कर दिया गया है। इस बारे में पूछे जाने पर संकाय प्रमुख प्रो. आरपी राय ने छात्रों को निलंबित किए जाने की पुष्टि भी की। गुरुवार को चाणक्य हॉस्टल में रैगिंग कमेटी के सदस्यों ने जाकर कुछ छात्रों से इस बारे में पूछताछ भी की।
बीए एलएलबी चतुर्थ वर्ष के जिन छात्रों पर रैगिंग के आरोप में कार्रवाई हुई है, उनमें शिवम पचौरी, राहुल त्रिपाठी, शुभम कुमार भारती (पूर्व छात्र), प्रणव राजनेगी, कुमार अभिषेक और मनीष मणि का नाम शामिल हैं।