डेंगू से पीड़ित चल रहे बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के प्रसार शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर ओपी मिश्रा (51) की मंगलवार शाम को बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के आईसीयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले पांच दिन से डेंगू से पीड़ित चल रहे थे।
परिसर के तुलसीदास कालोनी में रह रहे भभुआ निवासी प्रो. मिश्रा की तबीयत आठ नवंबर को बिगड़ी थी तब उन्हें बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया था, जहां जांच में डेंगू की पुष्टि होने के बाद उनका इलाज शुरू हो गया।
जानकारी के मुताबिक उस समय उनका प्लेटलेटस 80 हजार था। रात भर भर्ती होने के बाद जब तबीयत में सुधार हो गई तो डिस्चार्ज कर दिया गया। इसी बीच शाम को उल्टी-दस्त होने लगा।
अगले दिन 10 नवंबर को परिवारीजन पहले लंका स्थित एक निजी अस्पताल ले गए यहां जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो शाम को बीएचयू अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया। यहां उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया और धीरे-धीरे हालत सुधरने लगी थी।