काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्रबंध शास्त्र संकाय में आयोजित इंडक्शन मीट के चौथे दिन शुक्रवार को छायांकन के सह संस्थापक और विवि के पूर्व प्रबंधन छात्र अमिताभ अग्रवाल ने कहा कि कॅरिअर के कई विकल्प हैं। हर व्यक्ति को अपना क्षेत्र तय कर उसी के अनुरूप अपना कॅरिअर चुनना चाहिए।
‘एमबीए के इन दो वर्षों के बाद क्या है?’ विषय पर व्याख्यान देते हुए उन्होंने स्टार्टअप के बारे में बताया। कहा कि आप आगे बढ़कर जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि सफलता वह सब कुछ मांगती है, जो आपके पास हो सकता है और नहीं भी। एक सपना रखो और उसे पाने के लिए दृढ़ संकल्प भी। द एचआर कंपनी के संस्थापक एवं सीईओ उदय उपेंद्र ने डार्विन के थ्योरी ऑफ एक्सटिंक्शन के सिद्धांत के बारे में बताते हुए बदलाव पर बात की। जेएनएक्स एआई की एसोसिएट डायरेक्टर खुशबू पालीवाल छात्र-छात्राओं को सफलता का मंत्र दिया कि चुनौतियों को गले लगाएं। संस्थापक सीईओ अमित कुमार ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन संस्थान की छात्र सलाहकार डॉ. शशि श्रीवास्तव ने किया। अमित गौतम ने भी विचार रखे।