बीएचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल में आज उस वक्त हंगामा मच गया जब एक बीएचयू का ही छात्र डॉक्टर से उलझ गया। बीच बचाव करने आए कर्मचारी पर हमला बोल दिया। डॉक्टर के केबीन में तोड़फोड़ की, बवाल मचाया। घटना के बाद ओपीडी को बंद कर दी गई।
ओपीडी में थोड़ी देर के लिए अफरातफरी मच गई। जबतक गार्ड उसे पकड़ने के लिए वहीं पहुंचते उससे पहले वह फरार हो गया। डॉक्टर को बचाने की कोशिश में एक कर्मचारी घायल हो गया। घटना के बाबत वहां तैनात एक कर्मचारी ने सीएमओ को शिकायत पत्र सौंपा है।
इसमें कहा गया है कि गैस्ट्रोइन्ट्रोलॉजी विभाग के ओपीडी कमरा नंबर 103 में डॉ.एस के शुक्ला मरीजों का उपचार कर रहे थे। अचानक वहां दो छात्र पहुंचे और गेट खोलकर अंदर चले गए। कमरे में पहले से मरीजों की संख्या अधिक थी। जब मैने उन्हें रोका तो उन्होंने अपना कार्ड निकाला और टेबल पर रख कर बैठ गए।
डॉक्टर ने अगले पर्चे का नाम पढ़कर सभी को बाहर जाने को कहा। सब लोग चले गए लेकिन वो दोनों नहीं गए। फिर डॉक्टर ने उनकी ओर इशारा किया कि तुम भी बाहर जाओ तो भड़क गए। बोला की हाथ कैसे पकड़े। हल्ला सुन एक कर्मचारी विकास कुमार वहां पहुंचा।
उसने बीच बचाव की कोशिश की तो दोनों ने हमला कर दिया। केबीन के गेट का कांच तोड़ दिया। कांच लगने से विकास घायल हो गया। मैं जब तक दूसरे गार्ड को बुलाकर लाता तब तक वो भाग चुके थे। लंका थाने में भी छात्रों के खिलाफ तहरीर दी गई है।