बीएचयू के गैस्ट्रो इंट्रोलॉजी विभाग की ओर से चलाए जा रहे हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम को विस्तार देने की तैयारी चल रही है। इसके तहत अधिक से अधिक लोगों की जांच की जाएगी। शुक्रवार को विभागाध्यक्ष डॉ. देवेश प्रकाश यादव, माइक्रोबायोलॉजी विभाग की प्रो. शम्पा अनुपूर्वा ने बताया कि शनिवार को भी यहां बी और सी की निशुल्क स्क्रीनिंग की जाएगी।
उन्होंने बताया, इसमें पॉजिटिव रिपोर्ट जिन मरीजों की आएगी उनको निशुल्क वायरल लोड करने के साथ ही जरूरी दवाएं भी निशुल्क दी जाएंगी। प्रोग्राम के तहत अब तक चार साल में 7043 मरीज पंजीकृत हो चुके हैं। इसमें 1012 निगेटिव हो चुके हैं।
विभाग के सेमिनार कक्ष में डॉ. देवेश प्रकाश यादव ने बताया कि जागरूकता के लिहाज से ही हर साल 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया जाता है। विभाग में 14 सितंबर 2020 से चलने वाले वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम के तहत अब तक 7043 मरीजों को पंजीकृत किया गया है।
इसमें हेपेटाइटिस बी के पॉजिटिव 5341 मरीज जबकि हेपेटाइटिस सी के 1702 मरीज पॉजिटिव हैं। इनकी निशुल्क जांच एवं वायरल लोड टेस्ट के साथ ही निशुल्क दवा दी जा रही है। अब तक बी के 16 मरीज और हेपेटाइटिस सी के 996 मरीज निगेटिव हो चुके हैं। इस प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य 2030 तक हेपेटाइटिस मुक्त भारत करना है। इस दौरान डॉ. विनोद कुमार, डॉ. अनुराग तिवारी, डॉ. बृजेश पांडेय मौजूद रहे।