बीएचयू में छात्रा के साथ छेड़खानी, बवाल के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन सुरक्षा बढ़ाने, कैमरा लगवाने का दावा भले ही कर रहा हो लेकिन अभी भी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। 65 जगहों पर कैमरे लगाने का दावा तो हो रहा है लेकिन अभी भी कई छात्रावासों में कैमरे नहीं लग सके हैं।
ताजा मामला पाउगी गर्ल्स हॉस्टल का है। यहां गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक दुस्साहसी युवक बाउंड्री से हॉस्टल में कूद गया। वहां कार्यरत कर्मचारी ने उसे देखा तो शोर मचाया और तत्काल इसकी सूचना क्यूआरटी को दी।
इधर, हॉस्टल में युवक के घुसने की जानकारी मिलने पर छात्राओं ने हंगामा मचाते हुए उसे दौड़ा लिया। जब तक क्यूआरटी पहुंचती युवक अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। हॉस्टल में कैमरा नहीं होने के कारण युवक की पहचान भी संभव नहीं है।
युवक किस मकसद से अंदर कूदा यह भी साफ नहीं हो सका। इस वारदात के बाद कुछ छात्राएं सहम गईं। घटना का संज्ञान लेते हुए अब चीफ प्रॉक्टर ने जल्द से जल्द कैमरा लगवाने और यहां सुरक्षा बढ़ाने की की बात कही है।
बीएचयू में छात्रा के साथ छेड़खानी मामले की जहां जांच चल ही रही है कि आए दिन राह चलते छेड़खानी की घटनाएं सामने आ रही है।