आईएमएस बीएचयू में नए निदेशक प्रोफेसर बीके दास बृहस्पतिवार को अपना कार्यभार संभालेंगे। अब तक इस पद पर तैनात प्रोफेसर आरके जैन के 30 सितंबर को रिटायर होने के बाद प्रोफेसर दास को निदेशक पद की जिम्मेदारी दी गई है।
बाल रोग विभाग के प्रोफेसर बीके दास ने बातचीत में बताया कि यह बात सही है कि बहुत कम समय के लिए ही अपनी जिम्मेदारी इस पद पर निभा सकेंगे लेकिन आईएमएस में एम्स जैसी सुविधाओं के मुहैया कराने की दिशा में हर संभव बेहतर प्रयास करना प्राथमिकता होगी। प्रोफेसर दास ने बताया कि बीएचयू अस्पताल- ट्रामा सेंटर सहित सुपर स्पेशियलिटी कांपलेक्स में भर्ती कोरोना मरीजों को बेहतर इलाज सहित सभी सुविधाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाएगी। डॉक्टरों-पैरामेडिकल स्टाफ से निरंतर संवाद भी बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।
बीएचयू से ही प्रोफेसर दास ने की पढ़ाई, अब जिम्मेदारी पाकर है खुश
अमर उजाला से बातचीत में नए निदेशक प्रो. बीके दास ने बताया कि यह गर्व की बात है कि जिस संस्थान में छात्र रहा, वहीं निदेशक की जिम्मेदारी मिल रही है। वह बहुत खुश हैं। बताया कि 1973 में एमबीबीएस करने आए थे। इसके बाद पीजी, इंटर्न, सीनियर रेजीडेंट, हेल्थ सेंटर में मेडिकल आफिसर, बाल रोग विभाग में प्रोफेसर के साथ ही निदेशक की जिम्मेदारी संभालना है। ऐसे में जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। इसे पूरा करने का प्रयास करेंगे।