वाराणसी। बीएचयू में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय में नए सत्र में शोध को बढ़ावा देने की तैयारी नए सिरे से शुरू हो गई है। इसमें अन्य छात्र-छात्राओं के अलावा विदेशी छात्र-छात्राओं को भी स्कॉलरशिप देने सहित शोध से जुड़ी अन्य बिंदुओं पर मंथन शुरू हो गया है। कुलपति ने इसके लिए आठ सदस्यीय कमेटी को जिम्मेदारी दी है।
विश्वविद्यालय में शोध की गुणवत्ता बनी रहे और उच्च स्तरीय शोध के आधार पर देश-विदेश में नई पहचान मिले। इसको लेकर शोध से जुड़ी कई परियोजनाएं भी चल रही हैं। अब जबकि नया सत्र शुरू होने वाला है तो विश्वविद्यालय में होने वाले शोध को लेकर छात्रों को स्कॉलरशिप दिए जाने सहित अन्य बिंदुओं को लेकर नई गाइडलाइन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इससे छात्र-छात्राओं को शोध के प्रति जहां आकर्षण बढ़ेगा, वहीं विश्वविद्यालय शोध के क्षेत्र में आगे भी बढ़ेगा। कुलपति की ओर से इसके लिए जो आठ सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, इसमें छात्र अधिष्ठाता प्रोफेसर एमके सिंह को कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि स्टूडेंट सेल के प्रोफेसर इंचार्ज प्रोफेसर केके सिंह, कृषि विज्ञान संस्थान के प्रोफेसर एके नीमा, सोशल साइंस के प्रोफेसर केशव मिश्रा, मैनेजमेंट स्टडीज के प्रोफेसर आरके लोधवाल के साथ ही शिक्षा संकाय से प्रोफेसर एसके सिंह, कला संकाय से डॉ. राहुल चतुर्वेदी को सदस्य बनाया गया है, जबकि डिप्टी रजिस्ट्रार डेवलपमेंट को कमेटी का सचिव नामित किया गया। कमेटी फेलोशिप अवार्ड को लेकर भी एक नई गाइडलाइन तैयार करेगी।