वाराणसी। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन 17 मई तक बढ़ने के बाद बीएचयू में सत्र 2020-21 की प्रवेश परीक्षा टाल दी गई है। परीक्षा की नई तिथि की अभी कोई घोषणा नहीं हुई है।
विश्वविद्यालय में स्नातक के 25 और स्नातकोतर के 131 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए इस सत्र में 30 जनवरी से 12 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन हुए थे, इसमें पूरे देश भर से करीब सवा पांच लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। विश्वविद्यालय की ओर से 26 अप्रैल से 29 मई तक देश के 202 शहरों में प्रवेश परीक्षा कराने का निर्णय लेते हुए समय सारिणी भी जारी की गई थी। पिछले दिनों लॉकडाउन की वजह से ही बीएचयू प्रशासन ने 26 अप्रैल से 10 मई तक की परीक्षा पहले ही स्थगित कर दी थी। अब तीसरे चरण का लॉकडाउन 4 मई से दो सप्ताह तक बढ़ने के बाद पूरी परीक्षा को टाल दिया गया है।