बीएससी कृषि, बीए आनर्स आर्ट, बीएड में चल रहा प्रवेश
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में सत्र 2018-19 में दाखिले के लिए काउंसलिंग जोरों पर हैं। कला संकाय, कृषि विज्ञान संस्थान और शिक्षा संकाय में बीएड में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान संकायों में बने हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्र-छात्राओं की प्रवेश से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया है। शुक्रवार को भी सात संकायों में काउंसलिंग होगी।
विश्वविद्यालय में चार जुलाई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। संकायों की ओर से काउंसलिंग की समय सारिणी भी जारी की जा चुकी है। गुरुवार को कला संकाय पुरानी बिल्डिंग, शिक्षा संकाय, कृषि विज्ञान संस्थान में स्नातक की काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ शाम करीब चार बजे तक लगी रही।
कई बैंकों ने फीस जमा करने के लिए काउंसलिंग केंद्र पर ही अपने काउंटर बना रखे हैं, जिससे विद्यार्थियों को आसानी हुई। केंद्र पर अलग-अलग जगहों पर मेरिट सूची भी चस्पा कराया गया है।
शुक्रवार को भी कृषि विज्ञान संस्थान, कला संकाय, सामाजिक विज्ञान संकाय, शिक्षा संकाय, विज्ञान संकाय, वाणिज्य संकाय और विधि संकाय में काउंसलिंग होगी।
बीएचयू के हर संकाय में हेल्प डेस्क, नहीं भटकेंगे छात्र
छात्रों की सुविधा के लिए संकायों में काउंसलिंग केंद्र पर ही छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। आनलाइन फीस के साथ ही आईसीआईसीआई, एचडीएफसी बैंक की ओर से कैश कलेक्शन काउंटर भी बनाया गया है, जिससे छात्रों को बैंक का चक्कर न लगाना पड़े।
सांख्यिकी विभाग के प्रोफेसर एसके उपाध्याय के संयोजकत्व में ऑनलाइन एडमिशन असिस्टेंट कमेटी का भी गठन किया गया है। उप कुलसचिव शिक्षण पीके सिन्हा ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति के प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थी जिनके पिता की वार्षिक आय 2.5 लाख प्रति वर्ष से कम है, उन्हें फीस जमा करने में विशेष सुविधा प्रदान की गई है।
ऐसे विद्यार्थियों को यदि उनके पास फीस देने की स्थिति नहीं है तो भी प्रवेश दे दिया जाएगा। बाद में स्कालरशिप आने के उपरांत वे अपनी फीस जमा कर सकेंगे।
विद्यार्थी परिषद ने भी लगाया हेल्प डेस्क
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से विश्वविद्यालय मुख्य द्वार से लेकर संकायों में हेल्प डेस्क लगाया गया है। विभाग सह संयोजक सौरभ राय, विकास तिवारी के निर्देशन में नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग केंद्र सहित प्रवेश से जुड़ी अन्य समस्याओं का समाधान कराया गया।
काउंसलिंग केंद्र पर दिखाई जा रही डाक्यूमेंट्री
छात्र-छात्राओं को बीएचयू की उपलब्धियों पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘सर्व विद्या की राजधानी’ भी दिखाई जा रही है। 30 मिनट की इस डाक्यूमेंट्री का निर्माण पत्रकारिता एवं जन संप्रेषण विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोे. अनुराग दवे और उनकी टीम द्वारा किया गया है। इसमें महामना के व्यक्तित्व एवं कृत्रित्व के साथ-साथ बीएचयू की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की विकास यात्रा को दर्शाया गया है।