-बिरला हॉस्टल चौराहे के सामने रास्ता जाम कर नारेबाजी, आज मनाएंगे होली का जश्न
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। बीएचयू प्रशासन की ओर से हॉस्टल की बिजली काटने से नाराज छात्रों ने शुक्रवार को रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। बिरला हॉस्टल के सामने सड़क पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने इसे छात्रों के हितों के विपरीत बताते हुए जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने और डीजे बजाने की अनुमति देने की मांग की। छात्रों का विरोध बढ़ता देख बीएचयू प्रशासन से हॉस्टल की बिजली आपूर्ति बहाल की गई, तब जाकर छात्र शांत हुए।
होली पर विश्वविद्यालय परिसर में बिरला हॉस्टल, कला संकाय सहित अन्य हॉस्टल और संकायों में होली का उत्सव छात्र मनाते हैं। इसमें डीजे बजाकर अबीर गुलाल और रंग की होली खेलकर छात्र होली गीतों पर नाचते हैं। शुक्रवार दोपहर 1 बजे हॉस्टल की बिजली, पानी काट दी गई। इसके बाद नाराज छात्र हॉस्टल के बाहर सड़क पर आ गए। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। हालांकि बीएचयू प्रशासन ने पहले ही एक पत्र जारी कर परिसर में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया था। दोपहर में करीब दो घंटे तक रास्ता जाम करने के बाद छात्रों ने 28 फरवरी को सुबह 11 बजे होली का जश्न मनाने का निर्णय लेते हुए प्रदर्शन समाप्त किया।