बीएचयू में पीजी की 2600 सीटें अभी भी खाली हैं। इसमें संबद्ध कॉलेजों की भी सीटें शामिल हैं। एक कॉलेज की तो 50 फीसदी सीटें भी नहीं भर सकी हैं। वहीं, बीएचयू मेन कैंपस और साउथ कैंपस को मिलाकर करीब 1400 सीटें ही खाली रह गई हैं। सात अगस्त तक मेन कैंपस की सीटों को भरने का लक्ष्य तय किया गया है। प्रवेश में दूसरा मॉप अप राउंड कल सात अगस्त से शुरू हो जाएगा।
दूसरी ओर करीब 500 अभ्यर्थियों ने अपनी मिली हुई सीटें छोड़ दी है क्योंकि उन्हें नियमित चार चरण सहित और पहले मॉपअप में मनपसंद कोर्स नहीं मिला था। अब वे फिर से मनमाफिक सीट के लिए 2000 रुपये से पंजीकरण कराकर दूसरे मॉपअप में भाग ले रहे हैं। खाली हुई सीटों को देखते हुए अनुमान है कि इन्हें अब इनकी पसंद की सीट और विभाग मिल जाएगा। बीएचयू के केंद्रीय प्रवेश समिति की ओर से खाली सीटों का ब्योरा जारी कर अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है।