काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विज्ञान संस्थान के भूगोल विभाग में पीजी डिप्लोमा इन रिमोट सेंसिंग और जीआईएस के 26 छात्र-छात्राओं का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ है। छात्र-छात्राओं का साक्षात्कार चर्चित कंपनियों के तकनीकी एवं मानव संसाधन विभाग ने किया।
कोर्स से जुड़े छात्रों का चयन प्रोजेक्ट समन्यवक, जीआईएस इंजीनियर के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में गुरुग्राम, नोएडा और अहमदाबाद में हुआ है। एक छात्रा का चयन का चयन सहायक प्रोफेसर के रूप में छत्रपति साहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में हुआ है। मंगलवार को छात्र-छात्राओं का सम्मान और विदाई समारोह हुआ।
इस मौके पर कोर्स की समन्वयक प्रो. गायत्री राय ने कहा कि यह हमारे कोर्स से जुड़े अध्यापकों के प्रयास का प्रतिफल है। समारोह में पूर्व समन्वयक प्रो. आनंद प्रसाद मिश्र, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. वीएन शर्मा ने विचार रखे। डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. शिखा सिंह, डॉ. रूही रावत और हेमंत कुमार उपस्थित रहे। संचालन कोर्स के छात्रों ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. विनोद कुमार त्रिपाठी ने किया।