बीएचयू से निलंबित, निष्कासित और प्रतिबंधित किए गए 112 छात्र और छात्राओं को इस बार (शैक्षिक सत्र 2025-26) किसी भी कोर्स में दाखिला नहीं मिलेगा। बीएचयू के सभी संस्थानों के निदेशक, संकायों के डीन, विभागों के अध्यक्षों, कॉलेज के प्राचार्यों और स्कूल-सेंटर के समन्वयकों को कुलसचिव कार्यालय के उप कुलसचिव डॉ. रंजीत सांडिल्य की ओर से पत्र भेज दिया गया है। कहा गया है कि केंद्रीय प्रवेश समिति को इन छात्रों की सूची से अवगत कराया जाए। बताया जाए कि इनके दाखिले पर किसी भी तरह से विचार न किया जाए।
बीएचयू की ओर से पीजी दाखिले की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। इससे पहले ही प्रतिबंधित छात्रों की सूची जारी कर दी गई है। इन छात्रों पर हत्या, शारीरिक शोषण, अश्लील कृत्य, अपहरण के आरोप हैं। इस साल जुलाई में भी अंतिम दाखिले से पहले आरोपी छात्रों की ये सूची जारी की गई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। इस बार किसी भी तरह के पूर्व विवादित छात्र या छात्रा को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।