बीएचयू के 100 वें दीक्षांत समारोह का मंगलवार को पूर्वाभ्यास हुआ। स्वतंत्रता भवन में आयोजित पूर्वाभ्यास में कुलपति, कु लसचिव, विद्या परिषद सदस्यों के साथ छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। 22 नवंबर को मुख्य समारोह मनाया जाएगा, जिसमें वर्ष 2017 और 2018 के कुल 57 मेधावियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में गुरुवार को सुबह 9 बजे से होने वाले समारोह में इस बार 2017 में सर्वाधिक 31 और 2018 में 26 मेधावी मुख्य अतिथि जाने माने वैज्ञानिक डॉ. आरए माशेलकर के हाथों पदक पाएंगे। मंगलवार को कला संकाय, विज्ञान संकाय सहित अन्य संकायों में उपाधियां पाने वाले छात्र-छात्राओं को उत्तरीय और साफा दिया गया।
शाम चार बजे से शुरू हुए पूर्वाभ्यास में सबसे पहले विद्वत परियात्रा निकली इसके बाद कुलपति, कुलसचिव के साथ ही संकाय प्रमुख, निदेशक मंच पर पहुंचे। इस दौरान संगीत एवं मंचकला विभाग की छात्राओं द्वारा कुलगीत की प्रस्तुति की गई, जिसके बाद पदक वितरण, दीक्षांत संबोधन आदि का पूर्वाभ्यास हुआ। कुलपति ने पदक, उपाधि पाने वाले मेधावियों के साथ ही शिक्षकों को बधाईयां दी। इस दौरान विभागाध्यक्षों के साथ परीक्षा नियंत्रक मनोज पांडेय आदि मौजूद रहे।