यूपी के मिर्जापुर में विहिप की शोभायात्रा के दौरान मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे जमकर बवाल हो गया। कटरा कोतवाली क्षेत्र के गुलहट्टी चौराहे (मुकेरी बाजार) पर झंडे में फंसकर झालर और रॉड उखड़ने से नाराज दूसरे समुदाय के लोगों ने यात्रा में शामिल एक व्यक्ति की पिटाई कर दी।
विज्ञापन
इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। अफरातफरी मचने से दुकानें बंद हो गईं। सूचना पर डीएम, एसपी और छह थानों की फोर्स, पीएसी पहुंच गई। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी भी पहुंच गए। विहिप ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरना शुरू कर दिया। बुधवार को बंद का भी आह्वान किया है। मौके पर तनाव बरकरार है।
25 नवंबर को अयोध्या में होने वाली शोभायात्रा के मद्देनजर विहिप के सदस्य मंगलवार को शोभायात्रा निकाल रहे थे। इसमें रथ भी शामिल था। इसे संगमोहाल से तेलियागंज, गिरधर का चौराहा होते मुकेरी बाजार, गणेशगंज होकर संगमोहाल जाना जाना था। शोभायात्रा के मुकेरी बाजार पहुंचने पर रैली के झंडे में फंसकर दूसरे समुदाय की ओर से सजाए गए झालर और रॉड उखड़ने लगे।
विज्ञापन
इस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने झंडा नीचे करने को कहा, लेकिन नहीं करने पर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दूसरे समुदाय के लोगों ने शोभायात्रा में आगे चल रहे हनुमान का रूप धरे व्यक्ति की पिटाई कर दी। बीचबचाव में आए वहीं के संजय की पिटाई कर घायल कर दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
शोभायात्रा इमलहा मोहल्ला पहुंचने पर दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई और दोनों पक्ष पथराव करने लगे। सूचना पर फोर्स पहुंच गई। डीएम अनुराग पटेल और एसपी शालिनी ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने।
डीएम अनुराग पटेल ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। दोनों पक्षों से वार्ता कर समझाया गया है। प्रयास किया जा रहा है कि आगे विवाद न हो।
दुकानें बंदकर घरों में छिपे लोग, सड़क पर बिखरे पड़े ईंट पत्थर
कटरा कोतवाली क्षेत्र के मुकेरी बाजार इमलहा में बुधवार की शाम विहिप के जुलूस के दौरान हुए बवाल से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पथराव के दौरान मोहल्ले के लोग अपनी-अपनी दुकानें बंदकर घरों में छिप गए। करीब एक घंटे तक हुए पथराव के दौरान पूरे सड़क पर सन्नाटा पसर गया।
पानदरीबा, गनेशगंज, मुुकेरी बाजार, गुरहटटी चौराहा, धुंधी कटरा, इमरती रोड, मकरी खोह आदि इलाके में सन्नाटा छाया रहा। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। घटना के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी के अलावा एक दर्जन थाने की फोर्स मौजूद रही। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र और मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल, भाजपा नगर अध्यक्ष ने लोगों केे समझाने का प्रयास किया। लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने और देर रात तक वहीं बैठकर नारेबाजी करते रहे।
बवाल के बाद शाम करीब सात बजे घटना स्थल पर पहुंची एसपी शालिनी को देखते ही विहिप कार्यकर्ता नाराज हो गए। उनका घेराव करते हुए कहा कि यहां पथराव हो रहा था लेकिन सूचना देने के बावजूद पुलिस समय से नहीं पहुंची। लोगों ने कहा कि जिन लोगों ने हनुमान जी पर हमला बोला है, उन्हें तत्काल गिरफ्तार करें नहीं तो कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। एसपी ने कहा कि कानून तोड़ने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जो लोग भी इस मामले में दोषी है उनके विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर के मकरी खोह में कई बार जुलूस के दौरान बवाल हो चुका है। पथराव भी हुआ है। इसकी जानकारी जिला प्रशासन तथा खुफिया विभाग को थी, लेकिन खुफिया विभाग इस मामले में सुस्त रहा। जिससे जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों को इसका अंदाजा नहीं रहा और घटना घट गई।
काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि डीएम और एसपी को फोनकर मुकेरी बाजार में हुए बवाल की पूरी जानकारी ली गई है। जो भी इस मामले में दोषी हो उसके विरुद्घ तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया जाएगा। जिससे आगे किसी तरह का बवाल नहीं हो।
विहिप के जिलाध्यक्ष रामचंद्र शुक्ला साजिश के तहत शोभायात्रा पर पथराव किया गया। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। बुधवार को नगर में किसी भी प्रकार के जुलूस पर पाबंदी की मांग की गई है। मिर्जापुर बंद का आह्वान किया गया है।
एसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय ने कहा कि शोभायात्रा में शामिल लोगों के झंडे में फंस कर ट्यूबलाइट टूट गई, जिसके बाद विवाद हो गया। दोनों पक्ष एक-दूूसरे पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। अब तक कोई भी घायल व्यक्ति सामने नहीं आया है।
एसपी शालिनी ने कहा कि घटना में दो लोगों का नाम सामने आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। एहतियात के तौर पर मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। -