चार रंगों की होगी मालवीय पगड़ी
बीएचयू की ओर से दीक्षांत समारोह का एकेडमिक परिधान भी दिया जाएगा। इसका मूल्य चुकाना होगा, जिसका रेट तय किया जा रहा है। कुल 15550 साफा और उत्तरीय वितरित किए जाएंगे। दीक्षांत में चार रंगों की मालवीय पगड़ी होगी। इसमें एकेडमिक काउंसिल सदस्यों को केसरिया, एमफिल और पीएचडी को पीला, पीजी छात्रों को मेहरून और यूजी के उपाधि धारकों को गुलाबी साफा दिया जाएगा। चंदेरी सिल्क कपड़े के उत्तरीय पर बीएचयू का लोगो और सिंह द्वार अंकित होगा।
हो सकते हैं 550 से ज्यादा गोल्ड मेडल
स्वतंत्रता भवन में दीक्षांत समारोह के मुख्य मंच से करीब 40 मेधावियों को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इसमें चांसलर मेडल, महाराजा विभूति नारायण गोल्ड मेडल और बीएचयू मेडल पाने वाले टॉपर छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। दीक्षांत कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9.30 बजे तक हो जाएगी। अभी मुख्य अतिथि का नाम तय नहीं हुआ है।
अलग-अलग होगा विवि और कॉलेजों का समारोह
दीक्षांत समारोह में सबसे पहले मेन कैंपस में कार्यक्रम होगा। एक दिन बाद संस्थान, संकाय और महाविद्यालयों का दीक्षांत समारोह अलग-अलग मनाया जाएगा। मुख्य दीक्षांत समारोह की देखरेख, सुविधा और व्यवस्था के लिए विश्वविद्यालय के स्तर पर समितियां और उप-समितियां काम कर रहीं हैं। वहीं विभागों की ओर से पदक और उपाधि धारकों की सूची तैयार की जा रही है।