फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी में भीम आर्मी का रोड शो, चंद्रशेखर ने काशी में पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का किया एलान

Sat, 30 Mar 2019 12:53 PM IST
Sayali Maurya न्यूज डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर पीएम मोदी के गढ़ वाराणसी में रोड शो कर रहे हैं। चंद्रशेखर ने दोपहर 12:35 बजे वाराणसी के आंबेडकर चौराहे पर स्थित भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रोड शो की शुरुआत की। 

विज्ञापन


इस दौरान चंद्रशेखर ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि, देश के 48 खरब रुपये अमीरों का है और वे गरीबों की खाल उतारने का काम कर रहे हैं। हमें इसका जवाब चाहिए। सत्ता में बैठी सरकार गरीबों के हित में काम नहीं कर रही है। गरीबों को लूट रही है। 2 करोड़ युवाओं की नौकरियां छीन ली गईं।

चंद्रशेखर ने कहा कि हम इसी का हिसाब करने वाराणसी आए हैं। 'चौकीदार' हो जाएं खबरदार, आ गया है 'असरदार'। चंद्रशेखर ने कहा कि मैंने चुनौती दी थी कि मोदी जहां से चुनाव लड़ेंगे मैं वहीं से चुनाव लडूंगा। इसीलिए मैं काशी आया हूं। मोदी अगर चाहे तो मुझसे बच सकते हैं और काशी से चुनाव न लड़ें। 
विज्ञापन


मैं सिर्फ भाजपा को हराने के लिए लड़ रहा हूं, देश के संविधान को बचाने के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। मैं नेता नहीं हूं, समाज का बेटा हूं। चंद्रशेखर ने कहा मायावती से संपर्क किया था कि गठबंधन का प्रत्याशी यहां से उतारे तो हम तैयार है। लेकिन जब बात ही नहीं हुई तो अभी कुछ नहीं कह सकते। प्रियंका गांधी के वाराणासी से चुनाव लड़ने के सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि जो बालिग है वो लोकतंत्र में चुनाव लड़ सकते है। अखिलेश यादव, मुलामय सिंह, मायावती कोई भी लड़े अधिकार सबको है। 

उधर, रविदास मंदिर के गेट तक की परमिशन होने के बाद भी चंद्रशेखर अपने जुलूस के लेकर आगे बढ़ रहे थे। प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो चंद्रशेखर ने कहा कि अगर मुझे रविदास मंदिर में नहीं जाने दिया जाएगा तो में मंदिर के ही बाहर धरना दूंगा। इसके बाद पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद चंद्रशेखर ने लिखित तौर पर दिया कि मेरा जुलूस यही पर समाप्त हुआ। मैं एक दर्शानार्थी के तौर पर मंदिर में जा रहा हूं। इसके बाद चंद्रशेखर ने मंदिर में मत्था टेका।

छात्रसंघ अध्यक्ष ने रोड शो को दिखाया काला झंडा

रोड शो को काला झंडा दिखाता छात्रसंघ का अध्यक्ष - फोटो : अमर उजाला
रोड शो में सैकड़ों की संख्या में भीम आर्मी के समर्थक नारेबाजी करते हुए शामिल हुए हैं। भीम आर्मी के रोड शो को मिंट हाउस के पास यूपी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष मिलिंद सिंह और छात्र गौरव सिंह ने काला झंडे दिखाने का प्रयास किया।

इस दौरान मौजूद पुलिस ने मिलिंद सिंह और गौरव सिंह को हिरासत में ले लिया। बता दें कि कुछ दिन पहले ही मिलिंद सिंह ने कैंट थाने में चंद्रशेखर के खिलाफ तहरीर दी थी।
विज्ञापन

रोड शो में शामिल भीम आर्मी के समर्थक - फोटो : अमर उजाला
बता दें कि, तीन दिन पहले भीम आर्मी की ओर से कलेक्ट्रेट से लंका स्थित रविदास मंदिर तक रोड शो के लिए आवेदन किया गया था। शुक्रवार को जिला प्रशासन ने सशर्त भीम आर्मी को रोड शो करने की अनुमति दे दी।

जिला प्रशासन ने शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक के लिए अनुमति दी है। साथ ही कहा है कि रोड शो में एक चार पहिया और नौ दोपहिया वाहनों के साथ 500 लोग शामिल रहेंगे।

चर्चा है कि भीम आर्मी के संस्थापक और सहारनपुर जातीय हिंसा के आरोपी चंद्रशेखर को विपक्ष का समर्थन मिल सकता और वह पीएम मोदी के खिलाफ विपक्ष के साझा प्रत्याशी हो सकते हैं। हालांकि, चंद्रशेखर ने राजनीतिक दल के बैनर पर चुनाव लड़ने से इनकार किया है। चंद्रशेखर ने बताया कि धर्म निरपेक्ष राजनीतिक दल समर्थन कर सकते हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें