शहनाई के जादूगर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां मार्ग दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने निरीक्षण कर आदेश दिया कि यहां की सभी व्यवस्था मुक्कमल कराएं। न केवल सफाई का काम पूरा होना है, बल्कि कच्ची जमीन को पक्का कराने को कहा। बारिश के चलते अभी पक्का काम नहीं हुआ है लेकिन गंदगी साफ कर गिट्टियां गिराई जा रही हैं। गड्ढों को भरने के बाद सुंदरीकरण का काम कराया जाएगा।
विज्ञापन
नगर आयुक्त ने बताया कि चूंकि इस क्षेत्र में एक साथ पांच विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसके चलते समस्या आई है। जब ये सारे कार्य पूरे हो जाएंगे तो यह क्षेत्र अन्य क्षेत्रों से बेहतर हो जाएगा। यहां की सफाई के लिए जल निगम को निर्देश दिया गया है।
क्षेत्र के पार्षद सलीम ने बताया कि यहां पर सफाई के अलावा गड्ढे भरने का काम शुरू हो गया है। जल्द यहां की सभी समस्याओं से निजात मिल जाएगी। यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है। यहां पर नई पाइप लाइन डाली जाएगी।