लोकार्पण से पहले ही आशापुर आरओबी में हुए गड्ढे को दुरुस्त करने में सेतु निगम लग गया है। महाप्रबंधक दीपक गोविल ने इसका निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि सर्विस रोड पर सीवर लाइन के डायवर्जन का काम जल निगम कर रहा है। इसके चलते आरओबी पर पांडेयपुर से आशापुर जाने वाले मार्ग पर गड्ढा हुआ है। इसे भरने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जल निगम के अधिकारियों से बातचीत की गई है कि जल्द से जल्द सीवर डायवर्जन का काम पूरा कराएं। जल निगम के मुख्य अभियंता एके पुरवार ने बताया कि बारिश के चलते काम प्रभावित हुआ है। एक सप्ताह के भीतर आरओबी के पास सीवर डायवर्जन का काम पूरा हो जाएगा। दरअसल, आरओबी का लोकार्पण अभी नहीं हुआ है, लेकिन आवागमन चालू हो गया है। बारिश के चलते आरओबी पर गड्ढे हो गए। जिस पर लाल कपड़ा लगाया गया था। चूंकि यह गाजीपुर से वाराणसी का प्रमुख मार्ग है। इस नाते वाहनों का दबाव अधिक रहता है। गड्ढों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आम जनता की परेशानी और बढ़ जाएगी।