कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि 23 नवंबर को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री था, जो मंगलवार को घटकर 16 और बुधवार को 14 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान बीते तीन-चार दिनों से 27 डिग्री पर स्थिर बना हुआ है। इस समय वातावरण में 70 से 80 प्रतिशत तक नमी है। वहीं, हवा की गति सात से आठ किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों में रातें और ठंडी होंगी। न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री तक रह सकता है।
सेहत पर भारी पड़ रहा मौसमी उतार-चढ़ाव
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि सर्दी बढ़ने के साथ मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इनमें बच्चे और बुजुर्ग अधिक हैं। ओपीडी में हर चौथा मरीज सर्दी-खांसी, बुखार और एलर्जी से पीड़ित पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों को खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी। ठंडे पदार्थों से बचने और नियमित रूप से गुनगुना पानी पीने को कहा।