अफवाह पर महजूदा गांव में महिलाओं से बात करते एसओ सुरियावां प्रदीप कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
भदोही जिले की पुलिस और प्रशासनिक अमला सोमवार को एक घंटा तक हलाकान हो गया। किसी ने जहरीली शराब से तीन लोगों की मौत होने की अफवाह सोशल मीडिया पर फैला दी। फिर क्या, आला अधिकारी परेशान हो गए। कुछ देर बाद पता चला कि मौत बीमारी से हुई है।
सुरियावां थाना के महजूदा गांव में तीन लोगों की जहरीली शराब से मौत होने की अफवाह की खबर मिलने पर पुलिस और आबकारी टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार वालों से बात किया तो सच्चाई सामने आई। गांव निवासी रामराज विश्वकर्मा (65) की मौत हार्टअटैक से हुई थी। मामला रहा कि रामराज के सीने में चार-पांच दिनों से दर्द हो रहा था, जिन्हें परिजन इलाज के लिए भदोही नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरी मौत रामलखन (70) की करीब एक माह से बीमार होने के कारण हुई। यहां भी पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तो मामला अफवाह ही निकला। थानाध्यक्ष सुरियावां प्रदीप कुमार, आबकारी निरीक्षक संजय कुमार श्रीवास्तव, अमित दुबे दलबल के साथ पहुंच कर अफवाहों पर विराम लगाया। जिला आबकारी अधिकारी आरपी सिंह चौहान ने कहा कि किसी ने अफवाह फैलाई थी। एसपी रामबदन सिंह ने कहा कि अफवाह फैलाने वाले को चिन्हित किया जा रहा है। उस पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।