तमाम उतार-चढ़ाव और नाटकीय घटनाक्रमों के बीच आखिरकार रविवार को द बनारस क्लब का चुनावी घमासान अपने मुकाम पर पहुंच गया। बनारस क्लब की कार्यसमिति के सात सदस्यों ने आम सहमति से एजीएम की बैठक के बाद जयदीप सिंह बबलू को सचिव और दीपक माहेश्वरी को कोषाध्यक्ष चुना। वहीं, अशोक गुप्ता और कुमार अग्रवाल को क्लब कार्यसमिति का वरिष्ठ सदस्य तथा सुनील कुमार और आलोक पांड्या को सदस्य मनोनीत किया गया। आकांक्षा अग्रवाल और अलका माथुर का मनोनयन विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर किया गया।
पखवारे भर से क्लब के वार्षिक चुनाव को लेकर शहर के धनाढ्य वर्ग के लोगों और अफसर लॉबी के बीच घमासान मचा था। चुनावी घमासान के दौरान ही दो सदस्यों की सदस्यता क्लब से निलंबित की गई और इसके बाद कार्यसमिति के लिए नामांकन करने वाले 12 लोगों में से सात सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए। रविवार को सचिव और कोषाध्यक्ष के नाम की घोषणा के दौरान क्लब के पदेन अध्यक्ष कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने कहा कि काम ऐसा करें कि नाम हो।
क्लब सदस्योें की आपसी गुटबाजी के लिए न जाना जाए बल्कि सामाजिक सरोकारोें के प्रति प्रतिबद्धता के लिए अपनी पहचान रखे। इस मौके पर जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय, निवर्तमान सचिव कुमार अग्रवाल सहित क्लब के कई सामान्य सदस्य मौजूद रहे।