वाराणसी। वाराणसी से माता वैष्णो देवी धाम तक जाने वाले यात्रियों को अब बेगमपुरा एक्सप्रेस से सफर करना पहले की तुलना में और आरामदायक होगा। रेलवे प्रशासन की ओर से इस ट्रेन में साधारण कोच को अपग्रेड कर एलएचबी कोच लगाया जाएगा। इस कोच की खासियत यह है कि यात्रा करते समय यात्रियों को कम झटके महसूस होंगे।
वाराणसी से जम्मू जाने वाली 12237/12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस लखनऊ, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर, पठानकोट होते हुए जम्मू जाती है। इस ट्रेन में 70 प्रतिशत से अधिक यात्री जम्मू तक जाते हैं। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि अब इस ट्रेन को एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच के साथ चलाने का निर्णय लिया गया है। यह कोच आधुनिक तकनीकों पर आधारित होते हैं, जो यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान करते हैं। कोच एंटी-टेलिस्कोपिक सिस्टम के साथ होते हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में झटकों का प्रभाव कम होता है। यह कोच 160 किमी प्रति घंटे तक की गति से चलने में सक्षम हैं, जिससे यात्रा का समय भी कम हो जाता है।