विनायक और गौरव ने ताइक्वांडो में जीता रजत
प्रादेशिक ताइक्वांडो प्रतियोगिता में वनिता पब्लिक स्कूल के दो खिलाड़ियों ने पदक हासिल जीते हैं। प्रतियोगिता में 500 विद्यालयों के 2000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-19 आयुवर्ग के सीनियर में विनायक यादव और गौरव शुक्ला ने अलग-अलग भारवर्ग में रजत पदक जीता। इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य संगीता तिवारी, कोच नंदलाल जायसवाल मैनेजर प्रीति द्विवेदी ने बधाई दी है।
हाॅकी : वाराणसी ने मेरठ को 3-0 से हराया
दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में चल रही प्रादेशिक सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले हुए। इसमें गोरखपुर, वाराणसी, बरेली, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल की टीमों ने जीत हासिल की। दिन के दूसरे मैच में वाराणसी ने मेरठ को 3-0 से पराजित किया। वाराणसी के लिए वर्षा, पूजा और शोभा ने 1-1 गोल किए।
6 खिलाड़ी राष्ट्रीय निशानेबाजी के लिए क्वालिफाई
जयपुर में हुई यूपी स्टेट रायफल शूटिंग चैंपियनशिप में जिले के 6 खिलाड़ियों ने पदक जीत राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है। कैंटोंमेंट के रायफल शूटिंग रेंज के खिलाड़ी राजेश चौधरी ने 50 मीटर फ्री पिस्टल (मास्टर वर्ग) में कांस्य जीता। अतुल शर्मा ने 10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर प्रोन सीनियर वर्ग में प्री नेशनल के लिए क्वालिफाई किया। मनीष यादव ने 50 मीटर प्रोन रायफल के सीनियर वर्ग में प्री नेशनल के लिए क्वालिफाई किया। इस प्रतियोगिता में वंश यादव, प्रियांशु मौर्य और बरेका के मोहम्मद सैफ ने 50 मीटर राइफल प्रोन की व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
12 सितंबर को होगी जोनल कबड्डी
माध्यमिक स्कूली प्रतियोगिता के तहत भेलूपुर जोन की कबड्डी प्रतियोगिता 12 सितंबर को होगी।कमच्छा के बीटीएस में सुबह नौ बजे शुरू होगी। इसमें बालक- बालिका वर्ग के खिलाड़ी खेलेंगे। यह प्रतियोगिता बंगाली टोला इंटर कॉलेज की मेजबानी में खेली जाएगी।
अमित ने पास की कराटे की ए ग्रेड जज की परीक्षा
वाराणसी के कराटे कोच अमित उपाध्याय ने चीन के शनजाओ शहर में हुई काता ए ग्रेड परीक्षा पास की है। यह परीक्षा 23वीं एशियन कैडेट, जूनियर और अंडर-21 आयुवर्ग की कराटे प्रतियोगिता के पहले कराई गई। इसमें 194 कोच ने हिस्सा लिया। यह परीक्षा पास करने वाले अमित जिले के पहले कराटे कोच हैं।
यूपी रिंग टेनिस की संयुक्त सचिव बनीं मनीषा रानी
रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की बैठक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम के इंडोर हॉल में हुई। इसमें वाराणसी की मनीषा रानी को यूपी रिंग टेनिस का संयुक्त सचिव मनोनीत किया गया। एसोसिएशन ने यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया।
जुंबा का प्रशिक्षण लेती छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
आर्य महिला की छात्राओं ने लिया जुंबा का प्रशिक्षण
आर्य महिला पीजी कॉलेज में सोमवार को पांच दिन की जुंबा कार्यशाला समाप्त हो गई। समापन समारेाह का उद्घाटन प्राचार्य प्रो. रचना दुबे ने किया। 400 छात्राओं ने हिस्सेदारी की। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सभी छात्राओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और जीवन शैली में सुधार से जुड़ी बातों को साझा किया। ये भी बताया कि इस तरह की गतिविधियों से छात्राओं की शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने के साथ ही अनुशासित और जागरूक जीवन शैली की ओर प्रेरित करेगी। सुनील अग्रहरी व उनकी टीम के साथ डॉ. रीतिका सिंह, सुधाकर शुक्ला, वेद प्रकाश पांडेय, कपिल बख्शी, विपिन रंगा आदि मौजूद रहे।
शुभारंभ के दाैरान माैजूद पूर्व केंद्रीय मंत्री और अन्य अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
एथलेटिक्स की 13 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी 1246 टीमें
संत अतुलानंद काॅन्वेंट स्कूल में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को सीबीएसई की राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट का शुभारंभ किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने पूरे देश में खेल बजट को बढ़ाकर 3700 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 तक खेलों में टॉप-5 में हमारा नाम हो।
सीबीएसई राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट 10 से 13 सितंबर तक सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जाएगी। एथलेटिक्स के मुकाबले बुधवार सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। इसमें 26 क्लस्टर की 1246 टीमों में 5000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता बालक-बालिका वर्ग के सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में खेली जाएंगी। प्रतियोगिता में भारत के 20 क्लस्टर और एशियाई देशों की 6 क्लस्टर की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार दोपहर 2500 खिलाड़ियों और मैच ऑफिशियल ने पंजीकरण कराया। एथलेटिक्स मीट में ऊंची कूद, लंबी कूद, बाधा दौड़, रेस वॉक समेत 13 स्पर्धाओं में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह माैजूद रहे।
लालपुर स्टेडियम में हाॅकी खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आज झांसी रवाना होगी टीम
प्रादेशिक हॉकी शिविर में हिस्सा ले रहीं वाराणसी की सात राष्ट्रीय खिलड़ियों ने मंगलवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में पेनल्टी कॉर्नर का अभ्यास किया। हॉकी कोच इदरीस अहमद ने बताया कि शिविर में खिलाड़ियों को पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मंडलीय सचिव विनोद सिंह ने बताया कि 69वीं माध्यमिक प्रादेशिक स्कूली हॉकी प्रतियोगिता झांसी में होगी। इसमें वाराणसी मंडल की बालक-बालिका टीम अंडर 14, 17 और 19 आयु वर्ग में खेलेगी। शिविर में गोलकीपर के लिए विशेष सत्र हुआ।
वाराणसी की बालिका टीम वर्तमान समय में नेहरू हॉकी प्रतियोगिता की प्रदेश चैंपियन है। वाराणसी की टीम टर्फ पर अभ्यास कर रही है। कोच ने बताया कि प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी मंडल की टीम बुधवार को बनारस रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। टीम में शामिल राष्ट्रीय खिलाड़ी: प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलने के लिए अभ्यास कर रहीं राष्ट्रीय खिलाड़ियों में सोनल, प्रीति काजल, सताक्षी, नैना, और तनु शामिल हैं।
दोबारा हुआ मंडल का ट्रायल
मंडलीय टीम का ट्रायल 29 अगस्त को हुआ था। खेल दिवस होने से गाजीपुर की टीम चयन ट्रायल में नहीं पहुंची थी। संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक दिनेश सिंह ने मंडलीय ट्रायल दोबारा कराया। मंडलीय सचिव ने बताया कि प्रादेशिक के लिए गाजीपुर के तीन खिलाड़ियों का चयन टीम में हुआ है।