बनारस पर बनी फिल्म अब कान में धूम मचाने को तैयार है। दुनिया के सबसे पुराने और जीवंत शहर के दो बच्चों की दोस्ती, रूढ़ियों को तोड़ती और जातिवाद की दास्तां सुनाती यह लघु फिल्म कान फिल्म फेस्टिवल के लिए चयनित हुई है।
ये सिर्फ इस फिल्म के टीम सदस्यों के लिए नहीं बल्कि बनारस के लिए भी खास उपलब्धि है। 71 वें कान फिल्म फेस्टिवल का आयोजन आठ से 19 मई के बीच किया जा रहा है। फिल्म फेस्टिवल में बनारस में बनी फिल्म ‘शार्ट फिल्म कैटेगरी’ में ‘आधा चांद तुम रख लो’ चयनित की गई है।
23 मिनट की ये लघु फिल्म बनारस के गंगा घाटों पर शूट की गई है। इस फिल्म की मुख्य भूमिका में दो बच्चे हैं जीतू और फिरोज। अलग-अलग मजहब से ताल्लुक रखने वाले ये बच्चे पक्के दोस्त हैं। गंगा की गोद में समाए सिक्कों को ढूंढना इनका काम है और इससे ही दोनों के घर का खर्च चलता है।
पूरी फिल्म जातिवाद और छूआछूत पर केंद्रित है। फिल्म का निर्देशन दिल्ली के युवा फिल्म निर्देशक मयंक बोकोलिया ने किया है। सह निर्देशक बीएचयू के पूर्व छात्र व सिनेमेटोग्राफर राजेश कुमार सिंह हैं। इस शार्ट फिल्म की स्क्रीनिंग भारत समेत कई देशों में भी हो चुकी है।
इनमें हॉलीवुड इंटरनेशनल मूविंग पिक्चर्स फिल्म फेस्टिवल लॉस एंजेलिस, नाइस आईएफएफएस फ्रांस, सीएफआईएफएफ यूएस, स्पेन, न्यूयार्क समेत दादा साहब फालके फिल्म फेस्टिवल, इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल प्रयाग, अथर्व फिल्म फेस्टिवल मुंबई शामिल हैं।