सेंट्रल बार एसोसिएशन के लिए मतदान आज, तैयारी पूरी
वाराणसी। सेंट्रल बार एसोसिएशन के लिए मतदान शनिवार को सुबह 10 से 4 बजे के बीच होगा। एल्डर्स कमेटी की ओर से चुनाव संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधेलाल श्रीवास्तव व सदस्य संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अध्यक्ष व महामंत्री समेत 20 पदों पर 77 प्रत्याशी मैदान में हैं, कुल 7636 मतदाता मतदान करेंगे।
95 मत बूथ और 17 मतपत्र टेबल लगाए जाएंगे, जिसमें आजीवन सदस्यों के लिए भूतल पर मतदान की व्यवस्था की गई है। जबकि साधारण सदस्यों के लिए प्रथम तल पर व्यवस्था की गई है। वहीं, चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 60 सहायक चुनाव अधिकारी को लगाया गया है।
भूतल पर आजीवन और प्रथम तल पर पुराने सदस्य मत डालेंगे। चुनाव के लिए सुरक्षा की दृष्टि से कैंट पुलिस मुस्तैद रहेगी। सेंट्रल बार चुनाव के लिए प्रत्याशियों ने अपनी जीत के लिए चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से तैयारी में है। अंतिम रात पार्टियों का भी दौर चला।