दी बनारस बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव गहमागहमी और कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को संपन्न हो गया। चुनाव में 4321 अधिवक्ताओं में से 3266 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से 75.6 प्रतिशत मतदान हुआ और 16 पदों के 50 प्रत्याशियों का भाग्य 20 मतपेटिकाओं में सील हो गया। बुधवार की सुबह मतगणना होगी और देर शाम परिणाम की घोषित किया जाएगा।
दी बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए मतदान सुबह 10 बजे से शुरू हुआ। मतदान स्थल के बाहर प्रत्याशियों और समर्थकों की लंबी लाइन लगी थी। इस दौरान पूरा सिविल कोर्ट परिसर चुनावी रंग में रंगा रहा। निष्पक्ष मतदान के लिए पर्यवेक्षक घनश्याम मिश्र, गुलाब राम चौरसिया और एखलाख अहमद खान ने बराबर नजर बनाए रखी। शाम चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद खूब नारेबाजी हुई और हैंड बिल बिखरे रहे।
चुनाव संपन्न कराने के लिए एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन रामानंद श्रीवास्तव और सदस्य अरविंद राय, अभयनाथ यादव, संजय वर्मा व बदरुद्दीन खान, विशेष आमंत्रित सदस्य योगेंद्र सिंह, मधु बाबू व हरिदास यादव, बनारस बार अध्यक्ष मोहन, यादव महामंत्री अरुण सिंह झप्पू के अलावा प्रदीप श्रीवास्तव, जयनाथ मिश्र, गंगेश्वर मिश्र, अजय शर्मा, नसरीन बानो, सुजीत यादव, सत्येन्द्र सिन्हा, अमित श्रीवास्तव आदि सुबह से देर शाम तक सक्रिय रहे।
एंबुलेंस में लेटकर पहुंचे एक प्रत्याशी
दी बनारस बार एसोसिएशन के महामंत्री पद के प्रत्याशी विवेक कुमार सिंह कमर की नस दबने की समस्या से चलने में परेशानी और मलेरिया से पीड़ित होने के कारण एंबुलेंस से कचहरी पहुंचे थे। विवेक चौथी बार चुनाव मैदान में थे और जातिगत समीकरण के अलावा सहानुभूति के सहारे जीत की आस लगाए हुए हैं।